बाइडन, अन्य गणमान्य लोगों के बजाय इस बार दुनियाभर की निगाहें महारानी पर टिकी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2022

अमेरिका के राष्ट्रपति विदेश यात्रा पर जाते हैं तो मीडिया सहित पूरी दुनिया की निगाहें उन पर टिकी होती हैं और आमतौर पर वही चर्चा का केंद्र होते हैं लेकिन इस बार लंदन में दुनियाभर के दिग्गज नेताओं के जमावड़े के बावजूद सूरत-ए-हाल कुछ और है। मीडिया से लेकर तमाम विशेषज्ञों तक की चर्चा का केंद्र महारानी एलिजाबेथ द्वितीय एवं उनका राजघराना है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन तथा अन्य राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत लाल कालीन बिछाकर नहीं किया गया। जाहिर बात है कि यह जश्न की नहीं बल्कि शोक की घड़ी है। सोमवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार के लिए एकत्रित होने के कारण इन नेताओं ने कोई बड़ा भाषण नहीं दिया और न ही कोई संवाददाता सम्मेलन किया।

इसके बजाय ब्रिटेन पर सबसे अधिक समय तक राज करने वाली 96 वर्षीय महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सम्मान में वे एक-एक शब्द नाप-तौल कर बोल रहे हैं। बराक ओबामा के प्रशासन में अमेरिकी विदेश विभाग की प्रोटोकॉल प्रमुख रही कैप्रिशिया मार्शल ने कहा, ‘‘वे जानते हैं कि वे वहां किसी की मौत पर शोक मनाने गए हैं। वे यह भी जानते हैं कि वे अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।’’

बाइडन ने शोक संदेश पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने पर बीबीसी से बात की लेकिन ब्रिटिश प्रसारणकर्ता ने उनकी टिप्पणियों का सजीव प्रसारण नहीं किया। बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन ने पिछले साल महारानी से चाय पर हुई मुलाकात की यादें रविवार को साझा कीं। उन्होंने बताया कि महारानी ने उन्हें लंदन के समीप विंडसर कैसल में आमंत्रित किया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने 2021 की उस यात्रा के बाद कहा था कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय उन्हें उनकी दिवंगत मां की याद दिलाती है। उन्होंने यादें साझा करते हुए रविवार को बताया कि महारानी उन्हें क्रम्पेट्स (इंग्लिश मफिन) पेश करती रही थीं। लंदन पहुंचे विभिन्न देशों के अन्य नेता भी प्रचार और तामझाम से दूर ही दिखे। कुछ नेताओं ने महारानी की यादों को साझा करते हुए साक्षात्कार दिए।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस से जब यह पूछा गया कि क्या उनका देश गणतंत्र बनना चाहेगा, इस पर जवाब देने से बचते हुए उन्होंने कहा कि अभी यह समय इस पर चर्चा का नहीं है। बहरहाल, ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने जरूर लंदन में अपने देश के दूतावास के बाहर रविवार को चुनाव प्रचार भाषण दिया। बोलसोनारो देश में दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बाइडन के सुर्खियों से दूर रहने की पीछे की वजह प्रोटोकॉल से कहीं ज्यादा यह है कि यह खुशी का मौका नहीं है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

PM Modi का Viksit Bharat मिशन, बोले- Made in India चिप आत्मनिर्भरता की नींव है

Free Kashmir पोस्टर से खुला Delhi Terror Plot, कपड़ा फैक्ट्री में पहचान छिपाकर रह रहे थे आतंकी

Mangal Gochar से कुंभ में 5 ग्रहों का महासंयोग, इन राशियों को Career-Finance में बड़ा लाभ

Puducherry में Vote Share का गणित, 26% के दम पर कांग्रेस ने DMK से क्यों मांगा CM पद का नेतृत्व?