By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 22, 2022
राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने जेट एयरवेज के नए मालिक जालान-कलरॉक समूह को विमानन कंपनी के कर्मचारियों के बकाया भविष्य निधि और ग्रेच्युटी को चुकाने का निर्देश दिया है। विमानन कंपनी जल्द ही अपना परिचालन शुरू करने जा रही है। एनसीएलएटी पूर्व समाधान पेशेवर को ‘आज से एक महीने के भीतर कामगारों और कर्मचारियों को किए जाने वाले भुगतान का आंकलन करने’ का निर्देश दिया है। साथ ही भुगतान के लिए कदम उठाने को लेकर जालान-कलरॉक कंसोर्टियम को इसकी सूचना देने के लिए भी कहा है।
अपीलीय न्यायाधिकरण ने कहा कि कर्मचारी भी दिवाला कारवाई शुरू होने की तारीख तक देय ग्रेच्युटी के हकदार होंगे। एनसीएलएटी का आदेश राष्ट्रीय कंपनी कानून प्राधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर आया है। इससे पहले एनसीएलटी ने जालान-कलरॉक समूह की बोली को मंजूरी दे दी थी।