By अंकित सिंह | Jan 27, 2021
गणतंत्र दिवस पर निकाले गए किसानों के ट्रैक्टर परेड में हुई हिंसा पर भाजपा ने कहा है कि इस हिंसा की जितनी निंदा की जाए वह कम है। इसमें शामिल लोगों को दंडित किया जाना चाहिए। देश तिरंगे के अपमान को नहीं भूलेगा। कांग्रेस लगातार किसानों के विरोध प्रदर्शन को हवा दे रही है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राहुल गांधी लगातार केवल समर्थन ही नहीं कर रहे थे बल्कि उकसा भी रहे थे। सीएए के समय भी ऐसा ही किया गया था।
जावड़ेकर ने दावा किया कि भाजपा और विशेषकर नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सफलता से कांग्रेस और कम्युनिस्टों को दिक्कत हो रही है। उनकी लोकप्रियता घट रही है। उनको चिंता अपने राज परिवार की है जिसको लोग बार-बार नकार रहे हैं। जावड़ेकर ने कहा कि सरकार ने 10 राउंड चर्चा के किए हैं, साल-डेढ साल कानून रोकने, स्थगित करने की भी तैयारी दिखाई है। चर्चा के लिए बुलाया, हर बिंदु पर चर्चा करके दिखाइए कि किसानों का कौन सा अधिकार इन कानूनों से कम हुआ है। MSP, मंडी, मालिकाना हक किसी को भी दिक्कत नहीं पहुंची है, सब जारी रहेगा ये मालूम है इनको।