By एकता | Nov 24, 2026
54वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन सोमवार को न्यूयॉर्क के मैनहैटन स्थित न्यूयॉर्क हिल्टन में हुआ। इस बार भारत को दो कैटेगरी में अवॉर्ड मिलने की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ही एंट्री जीत हासिल नहीं कर पाईं। सोनी लिव की स्पोर्ट्स ड्रामा सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' और वीर दास के नेटफ्लिक्स कॉमेडी स्पेशल 'फूल वॉल्यूम' को नॉमिनेशन मिला था, लेकिन दोनों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
भारत की ओर से 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' को बेस्ट ड्रामा सीरीज और वीर दास के शो 'फूल वॉल्यूम' को बेस्ट कॉमेडी सीरीज कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था। हालांकि, बेस्ट ड्रामा सीरीज का अवॉर्ड फ्रांस की पीरियड ड्रामा सीरीज 'करेम' ने अपने नाम किया। यह सीरीज फ्रांस के मशहूर शेफ एंटोनिन करेम की जिंदगी पर आधारित है। उन्होंने गरीबी से निकलकर खाने की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई थी। इस कैटेगरी में 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' के अलावा 'ए थाउजेंड ब्लोज' और अर्जेंटीना की सीरीज 'मेनेम' भी मुकाबले में थीं।
इस समारोह में अभिनेता विजय सेतुपति भी शामिल हुए। उन्होंने अवॉर्ड प्रेजेंटर की भूमिका निभाई। इस दौरान की उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
इस साल अलग-अलग कैटेगरी में इन कलाकारों और कार्यक्रमों ने अवॉर्ड जीते।
बेस्ट एक्टर: बॉबी स्कोफील्ड – 'अनफॉरगिवेबल'
बेस्ट एक्ट्रेस: मोना मीना लियोन – 'होली शिट'
बेस्ट ड्रामा सीरीज: 'करेम' (Carême)
बेस्ट कॉमेडी सीरीज: 'डिविजन पालेरमो – सीजन 2' (División Palermo – Season 2)
बेस्ट डॉक्यूमेंट्री: 'लुई थेरॉक्स: द सेटलर्स'
बेस्ट करंट अफेयर्स: 'एक्सपोजर: ब्रेकिंग रैंक्स – इनसाइड इजरायल्स वॉर'
बेस्ट किड्स एनिमेशन: 'द स्केयरक्रोज वेडिंग'
बेस्ट किड्स फैक्चुअल एंड एंटरटेनमेंट: 'हॉरिबल साइंस'
बेस्ट किड्स लाइव-एक्शन: 'डेक्स्टर प्रॉक्टर द टेन ईयर ओल्ड डॉक्टर'
बेस्ट न्यूज: 'द वर्ल्ड: 24 आवर्स इन द किल जोन'
बेस्ट नॉन-स्क्रिप्टेड एंटरटेनमेंट: 'एजुकेटिंग यॉर्कशायर – सीजन 2'
बेस्ट शॉर्ट-फॉर्म सीरीज: 'डी क्लास वैन 2000' (द क्लास ऑफ 2000)
बेस्ट स्पोर्ट्स डॉक्यूमेंट्री: 'द फिलिप्सटाउन वायरकार ग्रां प्री'
बेस्ट टीवी मूवी/मिनी सीरीज: 'प्रिजनर 951'