By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
मद्रास उच्च न्यायालय ने तमिलनाडु सरकार को मंगलवार को निर्देश दिया कि वह तिरुप्परनकुंद्रम में ‘कार्तिगई दीपम’ विवाद की वजह से मदुरै में जारी निषेधाज्ञा आदेशों पर पुनर्विचार करे। न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति एम.डी. सुमति की पीठ ने तिरुप्परनकुंद्रम में ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने से जुड़े विवाद की वजह से मदुरै में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए टिप्पणी की कि ये प्रतिबंध संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत श्रद्धालुओं के अपने धर्म का पालन करने और उसे मानने के अधिकार में बाधा डाल सकते हैं। याचिकाओं में 23 नवंबर की रात को जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेशों को चुनौती दी गई है।
यह आदेश 20 नवंबर को उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश के बाद आया था, जिसमें तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर स्थित पाषाण दीप स्तंभ ‘दीपथून’ पर एक बार पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी। याचिकाओं में श्रद्धालुओं को पहाड़ी की तलहटी में इकट्ठा होने और दीप प्रज्वलन देखने की अनुमति मांगी गई है। साथ ही दावा किया गया है कि निषेधाज्ञा शीर्ष न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करती है और यह अदालत की अवमानना के समान है।
इस पर पीठ ने टिप्पणी की, ‘‘अगर निशांत (जिलाधिकारी) उच्चतम न्यायालय में अवमानना का सामना करने की हिम्मत रखते हैं, तो उन्हें ऐसा करने दें।’’ जिलाधिकारी निशांत कृष्णा और पुलिस उपायुक्त ए. जी. इनिगो थिव्यान न्यायाधीशों के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। इसके बाद, पीठ ने मौखिक टिप्पणी की कि व्यापक प्रतिबंध भक्तों के अधिकारों में बाधा डाल सकते हैं।