IOA विशेष बैठक में NSGA 2025 के अनुरूप संविधान संशोधनों पर लगाएगा मुहर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 07, 2026

नयी दिल्ली, सात सितंबर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) मंगलवार को यहां होने वाली अपनी आम सभा की विशेष बैठक (एसजीबीएम) में अपने संविधान में राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम (एनएसजीए) 2025 के अनुरूप किए गए बदलावों को मंजूरी देगा। आईओए की कार्यकारी समिति ने 19 अगस्त को यहां हुई बैठक में अपने मौजूदा संविधान में किए गए संशोधनों को मंजूरी दे दी थी। आईओए के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह महज औपचारिकता होगी और एसजीबीएम में बदलावों को मंजूरी देने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।

नए पदाधिकारियों के चुनाव से पहले खिलाड़ी आयोग का पुनर्गठन करना होगा और ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट’ का चयन करना होगा जिससे कि वे पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आम सभा के मतदान करने वाले सदस्य बन सकें। राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के अनुरूप खुद को ढालने के लिए आईओए के सामने कुछ पेचीदा मुद्दे हैं जिनमें उम्र और कार्यकाल से जुड़े दिशानिर्देश भी शामिल हैं। सरकार ने इसे जनवरी में अधिसूचित किया था।

आईओए के मौजूदा संविधान के अनुसार चुनाव की तारीख तक 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुका कोई सदस्य पदाधिकारी के किसी पद के लिए पात्र नहीं है। हालांकि एनएसजीए के तहत 70 से 75 वर्ष की आयु वाला व्यक्ति भी चुनाव लड़ सकता है या नामांकन मांग सकता है, बशर्ते अंतरराष्ट्रीय चार्टर और नियम इसकी अनुमति देते हों। आईओए के संविधान में यह भी प्रावधान है कि कोई सदस्य लगातार दो कार्यकाल से अधिक समय तक पदाधिकारी के एक या अधिक पद पर नहीं रह सकता।

दो लगातार कार्यकाल पूरे करने के बाद उसे ब्रेक लेना होगा जिसके बाद ही वह एक और कार्यकाल के लिए पद संभालने का पात्र होगा। वहीं एनएसजीए के तहत कोई व्यक्ति अध्यक्ष, महासचिव या कोषाध्यक्ष के पद पर अलग-अलग या इनके संयोजन में लगातार अधिकतम तीन कार्यकाल तक रह सकता है और इसके लिए किसी ब्रेक की जरूरत नहीं है। एनएसजीए 2025 को लागू करने के लिए आईओए की कार्यकारी समिति के सदस्यों की संख्या भी घटाकर 15 करनी होगी जिसमें भारत में आईओसी का एक सदस्य भी शामिल होगा।

प्रमुख खबरें

Delhi के 48 देहाती इलाकों को मिला Urban Status, मास्टर प्लान-2047 के तहत होगा विकास

Delhi Government ने 25 IPS और DANIPS अफसरों के किए तबादले, नई जिम्मेदारियां सौंपीं

Ashwini Vaishnaw ने तय किया लक्ष्य, 23 अक्टूबर 2028 तक भारत में बनेंगे अपने Brand के फोन

World Wrestling Championship: अमन सहरावत और अंतिम पंघाल हटे, सुजीत कलकल करेंगे अगुआई