IPL को मिला नया चैम्पियन, कोहली के नाम रही 'विराट' विजय

By आदर्श प्रकाश सिंह | Jun 05, 2025

आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम ने आईपीएल−2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। आईपीएल के 18वें सीजन में उसे एक नया चैम्पियन मिल गया है। 17 साल से यह टीम इस खिताब के लिए तरस रही थी। इस टीम के पास विराट कोहली जैसा खिलाड़ी होने के बावजूद आईपीएल का चैम्पियन बनना नसीब नहीं हुआ। एक से एक धाकड़ खिलाड़ी बेंगलुरू की टीम में रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के एबी डीविलिर्यस का नाम इसमें लिया जा सकता है। पर, मंगलवार 3 जून को किस्मत चमक गई। सभी ने विराट कोहली को मैदान पर रोते देखा। उनका भावनओं में बहना स्वाभाविक था। एक बड़े खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने करियर में सभी प्रमुख टूर्नामेंट में विजय हासिल करे। विराट की टीम आईपीएल के खिताब से अभी तक वंचित थी। आपको बता दें विराट ने टी−20 और टेस्ट मैचों से संन्यास ले लिया है। उनका करियर ढलान पर है, ऐसे में यह खिताबी जीत उन्हें कितना सुकून देगी, इसका अनुमान लगाना कठिन नहीं है।

कई मायनों में खास रहा यह आईपीएल

इस बार का आईपीएल कुछ युवाओं को सामने लाया है। ये भारत का भविष्य हैं। इसमें सबसे पहला नाम बिहार के वैभव सूर्यवंशी का है जिसने 14 साल की उम्र में झंडा गाड़ दिया है। राजस्थान रायल्स की टीम की ओर से उसने पारी की शुरुआत की। एक शतक और एक अर्ध शतक के साथ उसका प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। वैभव ने अपनी साहसिक बल्लेबाजी से बहुत प्रभावित किया है। गुजरात टीम के साई सुदर्शन ने कुल 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीता है। आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन इंग्लैंड जाने वाली टीम में भी हो गया है। पारी का आगाज करते हुए सुदर्शन ने कई अच्छी पारियां खेलीं। पंजाब किंग्स टीम के प्रियांश आर्य ने भी सबका ध्यान खींचा है। उसने भी अपनी टीम के लिए पारी की शुरुआत की। पंजाब के ही शशांक सिंह ने फिनिशर की भूमिका निभा कर कई उपयोगी पारियां खेलीं। श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया है। अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने का श्रेय उसे जाता है। हालांकि, दुर्भाग्य से श्रेयस को इंग्लैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया। चेन्नई टीम के 17 वर्षीय ओपनर आयुष म्हात्रे ने कप्तान धोनी को प्रभावित किया। इन युवाओं ने भविष्य के लिए उम्मीद जगाई है। 

इसे भी पढ़ें: Virat Kohli ने RCB को दे दिया अपना दिल, जीत के बाद Anand Mahindra ऐसे हुए भावुक

गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने छोड़ी छाप

भारतीय टीम की ओर से कुछ मैच खेल चुके प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल में सर्वाधिक 25 विकेट लेकर पर्पल कैप जीता है। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए कृष्णा ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया है। इसी कारण उसका चयन इंग्लैंड दौरे के लिए हो गया है। मोहम्मद शमी की गैर हाजिरी में इंग्लैंड में अच्छे प्रदर्शन का दबाव कृष्णा पर रहेगा। वह भारतीय टीम में स्थायी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इंग्लैंड दौरा उनके लिए सुनहरा मौका है। जसप्रीत बुमराह ने मुंबई इंडियंस को प्ले ऑफ में अवश्य पहुंचाया लेकिन निर्णायक मैच में उनकी गेंदबाजी प्रभावहीन रही। पंजाब के खिलाफ 4 ओवर में बुमराह ने 40 रन दे दिए और कोई विकेट भी नहीं चटका सके। दरअसल, बुमराह फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं। शुरू के कई मैच में वह उतरे भी नहीं। फिटनेस की संदिग्ध दशा के नाते ही उन्हें इंग्लैंड दौरे पर कप्तान नहीं बनाया गया है।

बेरंग दिखे कई दिग्गज खिलाड़ी

आईपीएल−2025 में कुछ खिलाडि़यों ने बहुत निराश किया। इनमें सबसे आगे लखनऊ टीम के कप्तान ऋषभ पंत का नाम है। फ्रैंचाइजी कंपनी ने उन्हें सबसे महंगे दाम 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने अपने आखिरी मैच में बेंगलुरू के विरुद्ध शतक जरूर लगाया लेकिन अपनी टीम को प्ले ऑफ तक नहीं पहुंचा सके। इस आईपीएल में पंत बिल्कुल नहीं चले। उनकी कप्तानी भी बेदम रही। इसी तरह कोलकाता टीम के वेंकटेश को काफी मोटी रकम 23.75 करोड़ मिली लेकिन रन बनाने में नाकाम रहे। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन 18 करोड़ में खरीदे गए थे पर, वह चोट से जूझते रहे। जिन मैचों में खेले उसमें रन नहीं बना पाए। चेन्नई टीम के कप्तान ऋतुराज भी 18 करोड़ में खरीदे गए थे लेकिन असर नहीं दिखा पाए। टूर्नामेंट के बीच में ही वह चोटिल होकर बाहर हो गए। कोलकाता टीम के रिंकू सिंह को 13 करोड़ मिले मगर, वह अपना जलवा नहीं दिखा सके।

प्रमुख खबरें

Bengal में किसकी सरकार? Pre-Poll Survey ने खोला राज, TMC और BJP की सीटों का पूरा गणित

IPL 2026: SRH कप्तान पैट कमिंस ने अपनी वापसी पर दिया बड़ा अपडेट, जानें क्या कहा?

Harry Potter TV Series का टीजर रिलीज, Christmas 2026 में नए चेहरों संग लौटेगा पुराना जादू

Global Survey में PM Modi फिर नंबर 1, BJP बोली- Congress नकारात्मकता की नवाब बन गई है