By अभिनय आकाश | Oct 31, 2026
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में केशम द्वीप के पास दो मछली पकड़ने वाली नावों पर हमला किया, जिसमें दो ईरानी मछुआरे घायल हो गए। समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, केशम फिशिंग कम्युनिटी के CEO ने बताया कि ड्रोन हमले के बाद लापता हुए दोनों मछुआरे मिल गए हैं। उन्हें वापस केशम द्वीप भेज दिया गया। अल जजीरा ने फार्स समाचार एजेंसी के हवाले से बताया कि घायल मछुआरों में से एक को अस्पताल ले जाया गया है। अल जजीरा के मुताबिक, होर्मुजगन प्रांत के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के डिप्टी गवर्नर ने तस्नीम समाचार एजेंसी को बताया, "यह घटना आज सुबह करीब 11:30 बजे हुई। इसमें केशम काउंटी के मुसान गांव के पास दो मछली पकड़ने वाली नावें शामिल थीं... हर नाव पर दो-दो लोग सवार थे।" होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले जारी हैं। इससे पहले, शुक्रवार सुबह ईरानी नौसेना बलों ने होर्मुज के पूर्व में स्थित ऑपरेशनल ज़ोन में एक "दुश्मन की पनडुब्बी" को नष्ट कर दिया और दो कमर्शियल तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचाया। सरकारी मीडिया 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान कास्टिंग' (IRIB) ने ईरानी नौसेना के जनसंपर्क विभाग के हवाले से बताया कि ईरानी बलों ने एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग (मैरीटाइम चोक पॉइंट) के पास ऑपरेशनल सेक्टर में चल रही दुश्मन की एक पनडुब्बी को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया।
मुजतबा खमेनेई के अकाउंट से किए गए कई एक्स पोस्ट के अनुसार, ईरान के इस नेता ने सशस्त्र बलों के वरिष्ठ कमांडरों के साथ मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बयान में कहा गया है,हर स्तर और हर तरह के खतरे का सामना तुरंत, प्रभावी और बिना किसी भौगोलिक सीमा के जवाब देकर किया जाना चाहिए।