By अभिनय आकाश | Oct 31, 2026
रूस के ब्रियांस्क इलाके में यूक्रेन के ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। कीव ने रूसी क्षेत्र में ड्रोन हमलों को तेज कर दिया है। इनमें एक ऐसा हमला भी शामिल है, जिससे समारा ओब्लास्ट की एक तेल रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। गवर्नर ने हताहतों की पुष्टि की, लेकिन तुरंत यह नहीं बताया कि किन जगहों पर हमला हुआ या कितना नुकसान हुआ है। वहीं, यूक्रेनी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार देर रात रूस के समारा ओब्लास्ट में नोवोकुइबिशेव्स्क तेल रिफाइनरी में ड्रोन हमले के बाद भीषण आग लग गई।
यूक्रेन के मध्य क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जेट इंजन से संचालित एक रूसी ड्रोन ने स्टेशन पर खड़ी दो ट्रेन को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में इसे भयानक हमला बताया। उन्होंने कहा कि ड्रोन ने निप्रो में यात्री ट्रेनों को निशाना बनाया।