Strait of Hormuz में मालवाहक पोत पर हमले के बाद Iran और पड़ोसी देशों की बैठक टली

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 14, 2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी। लाल सागर में पोतों की आवाजाही पर खतरा पिछले सप्ताह बढ़ने के बाद इस हमले ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। यमन में सरकारी बलों से लड़ रहे ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है जो होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प के रूप में समुद्री परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के दौरान ईरान के झंडे वाले पोतों को निशाना बनाया है और अब उसे अपने युद्धपोतों पर दागी जा रही ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के नए खतरे का सामना करना पड़ रहा है। बंदर अब्बास बंदरगाह शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित केश्म द्वीप, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की ईरान की कोशिशों के लिए महत्वपूर्ण है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे लोगों को धमका कर झुकाया नहीं जा सकता।

ईरान आत्मसमर्पण नहीं करेगा।’’ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे असहमति जताते हुए रविवार को कहा कि ईरान ‘‘समझौता करने के लिए इतना बेताब है’’ कि ‘‘वे लगातार फोन कर रहे हैं।’’ बाद में एक पत्रकार ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या रविवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी मालवाहक पोत पर अमेरिका ने हमला किया था, तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।’’ ईरान ने कहा था कि क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्री सोमवार को ओमान में बैठक करेंगे तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए ईरान और जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ओमान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। हालांकि, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ‘‘आम सहमति के हित में’’ बैठक स्थगित कर दी गई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के अधिकारी मोहम्मद अली बाक ने कहा कि ईरान और ओमान ने ‘‘कुछ क्षेत्रीय देशों के अनुरोध पर’’ वार्ता स्थगित करने पर सहमति जताई।

‘इरना’ ने ‘एक्स’ पर उनके हवाले से यह जानकारी दी। मामले की जानकारी रखने वाले खाड़ी क्षेत्र के एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि सऊदी अरब ने ईरान-ओमान समझौते में संशोधन सुझाए हैं। सऊदी अरब ने चिंता जताई है कि यह समझौता होर्मुज जलडमरूमध्य पर लंबे समय तक प्रभाव डाल सकता है और इससे खाड़ी सहयोग परिषद के अन्य देशों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

प्रमुख खबरें

Gurugram Hit and Run Case | CCTV फुटेज के आधार पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज, आरोपी राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार

Kishau Dam Project पर 6 राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग बैठक की अध्यक्षता करेंगे Amit Shah

Udhampur में रात्रि गश्त के दौरान दुर्घटनावश बंदूक चलने से VDG सदस्य घायल

Gurugram Hit and Run मामले में Kalyan Bainsla पर हत्या की कोशिश का केस, Dausa से गिरफ्तार