By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
पंजाब पुलिस ने रविवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले खालिस्तान कमांडो फोर्स के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों आरोपियों को शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि विदेश में बैठे आका इस आतंकी मॉड्यूल का संचालन कर रहे थे। पंजाब पुलिस के अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ और जालंधर की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने संयुक्त अभियान में इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। यादव के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चार हथगोले, दो पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अपने आकाओं के निर्देश पर एसबीएस नगर के बहराम के पास एक स्थान से हथियारों की खेप हासिल की थी। इस संबंध में अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ थाने में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीजीपी ने कहा कि पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।