By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026
अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने रविवार को ‘‘अच्छी बातचीत’’ बताया और कहा कि दोनों पक्ष अतीत को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने पर सहमत हुए। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर पेजेश्कियान ने खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बैठक की। इस बैठक को दोनों पक्षों के बीच संबंधों को पटरी पर लाने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।
ईरान-जीसीसी बैठक 14 सितंबर को होगी, जिसमें हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होकर आवागमन से संबंधित एक समझौते पर चर्चा की जाएगी। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद यह इस तरह की पहली बैठक होगी। पेजेश्कियान ने यह भी कहा कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ भी चर्चा की है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने रूस और चीन के राष्ट्रपतियों के साथ भी चर्चा की, जो संक्षिप्त बातचीत थी। आर्थिक सहयोग के विस्तार की संभावनाएं आशाजनक रूप ले रही हैं।’’ पेजेश्कियान ने कहा कि ब्रिक्स सदस्य देशों ने ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की है।