By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 03, 2026
श्रीनगर, तीन अक्टूबर शेष भारत ने रविचंद्रन स्मरण की सयंम से खेली गई 126 रन की नाबाद पारी की बदौलत शनिवार को यहां ईरानी कप मैच के तीसरे दिन स्टंप तक आठ विकेट पर 306 रन बनाकर जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 265 रन की बढ़त हासिल कर ली। स्मरण ने 131 गेंद की पारी में 15 चौके और पांच छक्के लगाये जबकि सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान ने 55 रन बनाए। इससे शेष भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया।
इससे पहले पांचवें नंबर पर उतरे सरफराज खराब फुटवर्क के कारण आउट हो गए। शेष भारत की टीम बीती रात जम्मू-कश्मीर से 17 रन से पीछे थी और उसने एक विकेट ही गंवाया था। फिर शेष भारत के सांगवान और सुदीप कुमार घरामी (33) ने अच्छी शुरुआत करते हुए 50 रन की साझेदारी की।
बाएं हाथ के सांगवान को दूसरे छोर पर सारांश जैन का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर शेष भारत को आगे कर दिया। सांगवान ने आउट होने से पहले 160 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए। इसके बाद नजीर ने सारांश (25) को और चार गेंदों के अंतराल में सरफराज को आउट कर दिया।
लेकिन स्मरण को मानव सुथार (16) के रूप में भरोसेमंद साझेदार मिला जिनके साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। फिर उन्होंने मुकेश चौधरी (नाबाद 09) के साथ नौवें विकेट की साझेदारी में नाबाद 109 रन जोड़ दिए।