By अभिनय आकाश | Sep 17, 2026
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि हाल के हफ़्तों में रूस ने उनके राष्ट्रपति विमान को दो बार निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये घटनाएँ उन्हें और दूसरे विदेशी नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश का हिस्सा थीं। सीबीएस न्यूज़ से बात करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि जब पहली घटना हुई, तब उनका विमान मोल्दोवा में था। उन्होंने दावा किया कि जब वे उसी देश से वापस लौट रहे थे, तब भी ऐसी ही एक घटना हुई। उन्होंने कहा कि मोल्दोवा में मेरा राष्ट्रपति जेट मौजूद था, और इसीलिए उन्होंने मोल्दोवा पर हमला किया। जब हम वापस घर लौट रहे थे और फिर से चिसिनाउ से गुज़रे, तो उन्होंने वही हरकत दोहराई।
ज़ेलेंस्की ने यह भी बताया कि कुछ दिनों बाद यूक्रेन लौटते समय एक या दो ड्रोन मोल्दोवा के हवाई क्षेत्र में घुस आए थे। बाद में यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के साथ यात्रा कर रहे सभी लोग सुरक्षित थे। उस समय यह साफ़ नहीं था कि ड्रोन की यह हरकत जानबूझकर की गई थी या नहीं। हालांकि, ज़ेलेंस्की का मानना था कि ये घटनाएं रूस की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा थीं, जिसका मकसद उन्हें और दूसरे अंतरराष्ट्रीय नेताओं को चेतावनी देना था। यूक्रेन के राष्ट्रपति का यह बयान एक और ड्रोन घटना के बीच आया है, जिसमें यूक्रेन आए विदेशी मेहमान शामिल थे। रूस के एक ड्रोन ने विदेशी मेहमानों के एक दल को ले जा रही यात्री ट्रेन पर हमला किया। इस दल में यूरोप के वरिष्ठ अधिकारी और CIA के पूर्व डायरेक्टर डेविड पेट्रियस शामिल थे।
हमले के बाद यात्रियों को पोलैंड की सीमा के पास ट्रेन से बाहर निकलना पड़ा। ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता कि रूस को यह पता था या नहीं कि ट्रेन में अमेरिकी और यूरोपीय अधिकारी सवार थे, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह कोई इत्तेफ़ाक था।