Green Gas Meter अपडेट के बहाने 32 लाख की साइबर ठगी, Dhanbad से युवक गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

लखनऊ, छह नवंबर ग्रीन गैस मीटर अपडेट करने के नाम पर व्हाट्सऐप के जरिए मैलवेयर युक्त एपीके फाइल भेजकर करीब 32 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने झारखंड के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। लखनऊ पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि तकनीकी जांच के बाद आरोपी को झारखंड के धनबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उसकी पहचान धनबाद निवासी विवेक प्रताप सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित कुमुद चंद्र अग्रवाल ने नौ सितंबर को लखनऊ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, अज्ञात साइबर अपराधियों ने ग्रीन गैस मीटर अपडेट करने के बहाने उन्हें व्हाट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेजी थी। इसे डाउनलोड करते ही आरोपियों ने कथित तौर पर उनके मोबाइल फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया और बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर खाते से करीब 32 लाख रुपये निकाल लिए।

पुलिस के मुताबिक, ठग ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) का प्रतिनिधि बनकर लोगों को मीटर अपडेट कराने का झांसा देते हैं। कंपनी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति करती है। ठगों द्वारा भेजी गई संक्रमित फाइल मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी तक पहुंच बनाने में सक्षम होती है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे लखनऊ लाया गया। उसके पास से 1,23,400 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एयरटेल पेमेंट्स बैंक की चार किट और 11 सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ में ग्रीन गैस के नाम पर इस तरह की साइबर ठगी के कई मामले सामने आए हैं। अक्टूबर की शुरुआत तक इस संबंध में कई प्राथमिकी दर्ज की गई थीं और अनेक शिकायतें मिली थीं।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए BJP को दें 65 से ज्यादा सीटें: Amit Shah

दिल्ली-NCR में GRAP III की पाबंदियां लागू, वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी के करीब पहुंचा

Diwali Puja में मां लक्ष्मी को क्यों चढ़ाते हैं खील-बताशे, जानिए इसके पीछे का धार्मिक महत्व

Kerala के निर्माण क्षेत्र पर असर, Bengal से प्रवासी मजदूरों की वापसी अनिश्चित