By अंकित सिंह | Feb 22, 2025
भले ही शशि थरूर इंटरनेट पर अपने अंग्रेजी शब्दों से मशहूर हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर उनकी स्थिति संघर्ष भरी है। कहा ये तक जा रहा है कि राहुल गांधी ने उनकी किसी भी शिकायत या सुझाव पर ध्यान देने से इनकार कर दिया है। नवीनतम रिपोर्टों में कहा गया है कि केरल में पार्टी नेताओं के बीच थरूर के खिलाफ प्रतिरोध मजबूत हो गया है। सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि एआईसीसी अब थरूर के साथ नरम रुख अपनाने की इच्छुक नहीं है।
समझा जाता है कि राहुल से मुलाकात के दौरान थरूर ने अपने द्वारा गठित ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रभार से हटाए जाने के तरीके पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। अपमानित किये जाने की अफवाहों के बीच, शशि थरूर ने एक्स पर एक गुप्त पोस्ट साझा किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि कांग्रेस के अधिकांश वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा थरूर को दी गई प्रमुखता से नाखुश हैं। उनका कहना है कि पार्टी ने चार बार के सांसद को काफी छूट दी है। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के हवाले से कहा, ''राहुल गांधी द्वारा उनसे बात करने के बाद भी थरूर ने अपनी स्थिति में सुधार नहीं किया है।''