Israel का Lebanon पर हवाई हमला: 11 लोगों की मौत और 19 घायल, PM सलाम ने की निंदा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 16, 2026

दक्षिणी लेबनान में शनिवार को इजराइल के हवाई हमले में 11 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। इजराइल और हिजबुल्ला के बीच 20 जून को लागू हुए संघर्ष विराम के बाद से यह सबसे घातक हमला है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, अंसार के बाहरी इलाके में एक घर को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।

हमले में दो लोग घायल भी हुए। दूसरा हमला देर अल-जहरानी में हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। यह हवाई हमला 26 जून को लेबनान और इजराइल के बीच घोषित ‘‘फ्रेमवर्क समझौते’’ के बाद से सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।

इस समझौते के तहत दक्षिणी लेबनान से इजराइली सेना की वापसी के बदले ईरान समर्थित हिज्बुल्ला संगठन को निरस्त्र करने की योजना तय की गई थी। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये हमले ‘‘लोगों को डराने’’ का काम करते हैं और दक्षिणी क्षेत्र में हालात को स्थिर करने के प्रयासों को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा कि लेबनानी लोगों की सुरक्षा और अपनी जमीन पर जीवन जीने का उनका अधिकार ‘‘किसी बातचीत या सौदेबाजी का विषय नहीं है।’’ सलाम ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अंसार शहर में इजराइली हवाई हमले में मारे गए सात शहीद किसी सैन्य ढांचे का हिस्सा नहीं थे।’’ उन्होंने कहा कि इजराइल को भड़कावे वाला कदम रोकना चाहिए।

वहीं, इजराइली सेना ने एक बयान में कहा कि उसने इलाके में इजराइली सैनिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई के जवाब में अली ताहेर और अंसार क्षेत्रों में हिजबुल्ला के ढांचे को निशाना बनाकर हमला किया।

प्रमुख खबरें

Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

Jannik Sinner की होगी घुटने की सर्जरी, Australian Open से बाहर होने की आशंका

आंध्र प्रदेश: CM Chandrababu Naidu ने स्वास्थ्य और कृषि में AI तकनीक अपनाने के निर्देश दिए

चोटों के कारण गंवाए 10 से 15 Test मैच, KL Rahul ने समझाई तीनों फॉर्मेट की चुनौती