Israel ने वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया, नौ फलस्तीनियों की मौत

By Prabhasakshi News Desk | Aug 28, 2024

अल-फारा रिफ्यूजी कैम्प (वेस्ट बैंक) । इजराइल ने वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया जिसमें कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हो गयी और सेना ने संवदेनशील जेनिन शहर को घेर लिया है। फलस्तीनी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इजराइल ने सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से लगभग हर दिन वेस्ट बैंक पर हमले किए हैं। इजराइली सेना के एक प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशनी ने कहा कि ‘‘बड़ी संख्या में सैनिक’ संवदेनशील जेनिन शहर में घुसे जो लंबे समय से आतंकवादियों का गढ़ रहा है। साथ ही सैनिक तुल्कारिम शहर और अल-फारा रिफ्यूजी कैम्प में भी घुसे। 

शोशनी ने कहा कि सेना आतंकवादियों को अस्पतालों में शरण लेने से रोकने का प्रयास कर रही है। इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने गाजा के साथ तुलना करते हुए वेस्ट बैंक में भी इसी तरह के कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमें खतरे से उसी तरह निपटना चाहिए जैसे कि हम गाजा में आतंकवादी बुनियादी ढांचे से निपटे थे जिनमें फलस्तीनी निवासियों को अस्थायी रूप से हटाना और हर आवश्यक कदम उठाना शामिल है। यह हर तरह से एक युद्ध है और हमें इसे जीतना होगा।’’ 

शोशनी ने कहा कि नागरिकों को बाहर निकालने की कोई योजना नहीं है। हमास ने वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों से इसके खिलाफ खड़े होने का आह्वान करते हुए कहा कि ये हमले गाजा में युद्ध का विस्तार करने की एक बड़ी योजना का हिस्सा हैं और उसने युद्ध में इजराइल के लिए अमेरिकी समर्थन को जिम्मेदार ठहराया। फलस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार, फलस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के प्रवक्ता नाबिल अबू रुदेनेह ने हमलों की निंदा की और अमेरिका से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में 10 महीने से अधिक समय पहले युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक इजराइली सेना ने वेस्ट बैंक में 600 से अधिक फलस्तीनियों को मार गिराया है। इजराइल का कहना है कि हमास तथा अन्य आतंकवादी समूहों का खात्मा करने तथा इजराइलियों पर हमले रोकने के लिए इस अभियान की आवश्यकता है। 

फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वेस्ट बैंक के एक अन्य शहर तुबास में बुधवार को तड़के सात लोगों और जेनिन में दो लोगों की मौत हो गयी। मंत्रालय ने जेनिन में मारे गए लोगों की पहचान कासिम जबरीन (25) और आसिम बलूत (39) के रूप में की है। इजराइल ने 1967 के युद्ध में वेस्ट बैंक, गाजा और पूर्वी यरुशलम पर कब्जा जमाया था। फलस्तीनी, भविष्य में एक देश के लिए ये तीनों स्थान वापस चाहते हैं। इजराइल ने वेस्ट बैंक में सैकड़ों बस्तियां बनायी है जहां 5,00,000 से अधिक यहूदी रहते हैं। उनके पास इजराइली नागरिकता है जबकि वेस्ट बैंक में 30 लाख फलस्तीनी इजराइली सेना के शासन में रहते हैं।

प्रमुख खबरें

Spain ने किया Team का ऐलान, Real Madrid के सितारे बाहर, Lamine Yamal पर खेला बड़ा दांव

World Cup से पहले Lionel Messi के Last Match में ड्रामा, चोट की आशंका से मैदान छोड़ा

सेबी का Options Trading पर बड़ा दांव, Live Market में जुड़ेंगे नए Strike Price

US-Iran डील की उम्मीद और Crude Oil में गिरावट का असर, Sensex में 1000 अंकों का बड़ा उछाल