By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
करीब 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जाने के मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति सोमवार को अहमदाबाद अपराध शाखा की हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना उस समय हुई, जब आरोपी को नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया जा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन कर घटना के बारे में जानकारी दे सकते हैं। अहमद उन तीन लोगों में शामिल है, जिन्हें सूरत और अहमदाबाद अपराध शाखा ने 21 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। उस समय अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर रामोल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीटीएम टोल प्लाजा के पास से 4.53 किलोग्राम हेरोइन और 2.49 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया था।
इन मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, अहमद को इससे पहले जयपुर में 18.5 किलोग्राम चरस जब्त किए जाने के मामले में, अहमदाबाद में 100 ग्राम मेफेड्रोन बरामद होने पर और राजस्थान में पैरोल पर रहते हुए तीन किलोग्राम अल्प्राजोलम रखने पर गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले के अन्य दो आरोपियों की पहचान नयी दिल्ली निवासी 44-वर्षीय टिफेल नोखेज और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी 38-वर्षीय मोहम्मद इमरान अल्वी के रूप में हुई है।