By अंकित सिंह | Jul 04, 2024
पिछले दो सप्ताह में नौ पुलों के ढहने की रिपोर्ट के बाद बिहार में सभी पुलों के संरचनात्मक ऑडिट की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में बिहार सरकार को सभी मौजूदा पुलों और निर्माणाधीन पुलों का उच्चतम स्तरीय संरचनात्मक ऑडिट करने और कमजोर ढांचे को ध्वस्त करने का निर्देश देने की मांग की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार में पिछले 15 दिनों में नौ पुल ढह गए। जनहित याचिका में सभी पुलों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति के गठन की प्रार्थना की गई है।
इससे पहले बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री अशोक चौधरी ने बिहार में पुलों के ढहने की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की थी। बिहार नदियों और अन्य जल निकायों पर बने छोटे-बड़े पुलों से जुड़ी कई दुर्घटनाओं का गवाह रहा है। 23 जून को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक निर्माणाधीन पुल ढह गया. राज्य के ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) द्वारा अमवा गांव को ब्लॉक के अन्य क्षेत्रों से जोड़ने के लिए मोतिहारी के घोड़ासहन ब्लॉक में एक नहर पर 16 मीटर लंबा पुल बनाया जा रहा था। पुल 1.5 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था।
घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले अररिया जिले के सिकटी में करीब 180 मीटर लंबा एक नवनिर्मित पुल ढह गया था। सीवान के दरौंदा इलाके में एक और पुल ढह गया। नहर पर बना यह छोटा पुल दरौंदा और महाराजगंज ब्लॉक के गांवों को जोड़ता था।