ऐसा लगता है कि देश में सरकार नहीं कोई ‘आपराधिक गैंग’ चलाया जा रहा हो : राहुल गांधी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2024

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकतंत्र का ‘‘गला घोंटने’’ का आरोप लगाया और कहा कि ऐसा लगता है कि देश में सरकार नहीं, कोई ‘‘आपराधिक गिरोह’’ चलाया जा रहा हो।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी लोकतंत्र का गला दबाकर जनता से अपनी पसंद की सरकार चुनने का विकल्प छीन लेना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ जहां ‘चंदे का धंधा’ कर रही भाजपा देश में ‘वसूली सरकार’ चला रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रमुख विपक्षी दल का (बैंक) खाता ‘फ्रीज’ (लेन-देन पर रोक लगा) कर, मुख्यमंत्रियों को जेल में डाल कर और हर स्वतंत्र आवाज़ को दबाकर वह विपक्ष को जायज़ ढंग से चुनाव तक नहीं लड़ने देना चाहती।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘जो भाजपा के साथ नहीं - उसे जेल। जो भाजपा को चंदा दे- उसे बेल (जमानत)। प्रमुख विपक्षी दल को - नोटिस भेजने का खेल और चुनावी बॉण्ड के लिए - ब्लैकमेल।’’

राहुल ने आरोप लगाया, ‘‘ऐसा लगता है देश में सरकार नहीं, कोई आपराधिक गैंग चलाया जा रहा हो। इस झूठी, अहंकारी और भ्रष्ट सरकार का सच बताने के लिए कल ‘इंडिया’ गठबंधन दिल्ली में एक बड़ी रैली करने जा रहा है।’’उन्होंने कहा, ‘‘यह लड़ाई भाजपा और जनता के अधिकारों के बीच है, जिसमें हम जनता के साथ खड़े हैं। लोकतंत्र की जीत में ही ‘इंडिया’ की जीत है।

प्रमुख खबरें

International Nelson Mandela Day 2026: दक्षिण अफ्रीका में लोकतंत्र की नींव रखने वाले नायक की कहानी, जानें क्यों मिला Nobel Peace Prize

दो साल का इंतजार खत्म: Japan Open के Final में पहुंची PV Sindhu, चेन युफेई हुई चोटिल

गाजियाबाद के मुरादनगर में विपक्षियों पर गरजें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भारत के पहले प्राइवेट रॉकेट विक्रम-1 ने श्रीहरिकोटा से भरी उड़ान, 450 किमी की कक्षा में पेलोड तैनात करेगा