गोविंद गौड़े को मंत्रिमंडल से हटाना मेरा फैसला : मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 19, 2025

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद गौड़े को राज्य मंत्रिमंडल से हटाने का फैसला उनका है। हालांकि, सावंत ने इस फैसले के कारण के बारे में नहीं बताया।

गौड़े ने करीब एक महीने पहले आदिवासी कल्याण विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, जिसका प्रभार सावंत के पास है। गौड़े को राज्य मंत्रिमंडल से हटाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ यह मेरा फैसला था।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना है, उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक कुछ नहीं।’’ सावंत ने कहा कि जब भी मंत्रिमंडल में कोई बदलाव होगा तो वह मीडिया को इस बारे में सूचित करेंगे।

गौड़े ने 26 मई को एक राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के आदिवासी कल्याण विभाग को अक्षम करार दिया था और दावा किया कि इसके अधिकारी फाइलों पर हस्ताक्षर करने के लिए रिश्वत ले रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गौड़े के इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी थी। गौड़े के दावों को आधार बनाकर कांग्रेस ने राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई से मांग की थी कि वह राज्य सरकार को ‘व्यापक भ्रष्टाचार’ के लिए बर्खास्त करें।

आदिवासी नेता गौड़े (53) उत्तरी गोवा के प्रियोल से भाजपा विधायक हैं। भाजपा के राज्य विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने मार्च 2022 में मंत्री पद की शपथ ली थी। गौड़े 2019 से 2022 तक सावंत के नेतृत्व वाली सरकार में भी मंत्री रहे थे।

प्रमुख खबरें

Commonwealth Games: लॉन बॉल्स में Navneet Singh और Dinesh Kumar ने दर्ज की चौथी जीत

Commonwealth Boxing: जादूमणि, अरुंधति और जैस्मीन समेत 6 भारतीय मुक्केबाज फाइनल में पहुंचे

Commonwealth Games में अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास

CJI Surya Kant ने Jaipur में कहा: ऑनलाइन मध्यस्थता पूरी तरह AI के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती