Kangana Ranaut पर दर्ज FIR का Jai Ram Thakur ने किया विरोध, बोले- लोकतंत्र में सबको बोलने का अधिकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जयराम ठाकुर ने शनिवार को पार्टी सांसद कंगना रनौत के खिलाफ सोनिया गांधी के संस्मरण पर उनकी टिप्पणी को लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये आलोचना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल संभालने वाले लोग भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट डालते हैं, जिन्हें पढ़ा या देखा तक नहीं जा सकता।

उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए, लेकिन कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाता।’’ ठाकुर ने यह भी कहा कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार, सोनिया गांधी की किताब में 55 से अधिक तथ्यात्मक त्रुटियां हैं। शिमला पुलिस ने शुक्रवार को गांधी परिवार के बारे में सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर मंडी की सांसद के खिलाफ विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी, नफरत या वैमनस्य फैलाने, सार्वजनिक उपद्रव और मानहानि के आरोपों में मामला दर्ज किया था। बीएनएस की धारा 196, 353 और 356 के तहत मामला कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना की 10 नवंबर की सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी तथा राजीव गांधी की मौतों को लेकर भड़काऊ संकेत दिए गए थे। शिकायत के अनुसार, पोस्ट में सोनिया गांधी को एक ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ बताया गया था, जो विदेश में एक कैफे में पहुंचीं और इसके बाद उनके (भारतीय) रिश्तेदारों की एक के बाद एक हत्या होती चली गई, जिससे वह सरकार की प्रमुख बन गईं। पोस्ट में इसके साथ टिप्पणी की गई थी, ‘‘कितनी सुविधाजनक बात है।’’ शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को अचानक परिवार के आवास से बाहर निकाल दिया गया था।

मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कंगना की टिप्पणियों को उनके पद के अनुरूप न होने वाला बताया। चौहान ने कहा कि कंगना सुर्खियों में बने रहने की शौकीन हैं और विवादित बयान देकर सुर्खियों में बनी रहने की कोशिश करती हैं।

प्रमुख खबरें

Arunachal Pradesh में 19,000 MW की जलविद्युत परियोजनाओं पर CM Pema Khandu ने दिया जोर

मुड़ने नहीं, खिसकने वाली होगी Samsung की स्क्रीन! आ रहा है Galaxy Z Slide

भारत और US Trade Deal अंतिम चरण में, ज्यादातर मुद्दों का समाधान: S Jaishankar

सत्ता स्थायी नहीं, Raj Thackeray ने कार्टूनिस्टों के सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने पर चेताया