BR Ambedkar का 77 साल पुराना भाषण कालजयी, Jairam Ramesh बोले- सामाजिक लोकतंत्र बनाना जरूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि 77 साल पहले संविधान को अंगीकार किए जाने के समय बाबासाहेब बी. आर. आंबेडकर द्वारा दिया गया भाषण कालजयी है और इसकी प्रासंगिकता सदैव बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश को अपने राजनीतिक लोकतंत्र को सामाजिक लोकतंत्र में बदलना होगा और स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व को जीवन के सिद्धांतों के रूप में स्वीकार करना होगा। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज से ठीक 77 साल पहले आंबेडकर ने संविधान सभा में संविधान के प्रारूप को अंगीकार करने का प्रस्ताव पेश करते हुए ऐतिहासिक भाषण दिया था।

उनके अनुसार, यह 20वीं सदी के भारत के सबसे महत्वपूर्ण, प्रभावशाली और कालजयी भाषणों में से एक है। संविधान सभा में अगले दिन संविधान को अंगीकार किया जाना था। कांग्रेस महासचिव ने आंबेडकर के भाषण के प्रमुख विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान सभा की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने का श्रेय कांग्रेस पार्टी को दिया था।

रमेश के मुताबिक, आंबेडकर ने कहा था कि संविधान सभा में कांग्रेस की उपस्थिति के कारण अव्यवस्था की आशंका पूरी तरह समाप्त हो गई थी और पार्टी ने सभा की कार्यवाही में व्यवस्था तथा अनुशासन सुनिश्चित किया था। उन्होंने आंबेडकर के हवाले से कहा कि यह पूरी तरह संभव है कि नवजात लोकतंत्र अपना स्वरूप तो बनाए रखे, लेकिन वास्तव में तानाशाही में बदल जाए। लोकतंत्र को वास्तविक रूप में बनाए रखने के लिए सामाजिक और आर्थिक उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु संवैधानिक तरीकों का दृढ़ता से पालन करना आवश्यक है।

रमेश ने कहा कि आंबेडकर ने राजनीति में भक्ति या व्यक्तिपूजा को पतन और अंततः तानाशाही की ओर ले जाने वाला निश्चित मार्ग बताया था। उन्होंने धर्म में भक्ति को आत्मा की मुक्ति का मार्ग बताते हुए राजनीति में इसके खतरों के प्रति आगाह किया था। कांग्रेस नेता ने कहा कि आंबेडकर ने सामाजिक लोकतंत्र की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन के बुनियादी सिद्धांत बताया था।

उनके अनुसार, ये तीनों सिद्धांत एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और इनमें से किसी एक को दूसरे से अलग करने पर लोकतंत्र का मूल उद्देश्य विफल हो जाता है। रमेश ने आंबेडकर की उस चेतावनी का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने 26 जनवरी, 1950 को देश के विरोधाभासों से भरे जीवन में प्रवेश करने की बात कही थी। उनका कहना है कि आंबेडकर ने कहा था कि राजनीतिक जीवन में एक व्यक्ति, एक वोट और एक वोट, एक मूल्य का सिद्धांत लागू होगा, लेकिन सामाजिक और आर्थिक जीवन में असमानता के कारण एक व्यक्ति, एक मूल्य का सिद्धांत स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आंबेडकर ने सवाल उठाया था कि देश आखिर कब तक विरोधाभासों से भरा जीवन जीता रहेगा और उन्होंने इस असमानता को जल्द से जल्द समाप्त करने की जरूरत पर जोर दिया था।

प्रमुख खबरें

उत्तर Karnataka 10 साल में बन सकता है अलग राज्य, BJP विधायक Balakrishna Jarkiholi का दावा

Eetha के लिए Shraddha Kapoor ने नहीं छोड़ी कोई कसर, 25 दिनों तक 8 किलो के घुंघरू पहनकर 8 घंटे की रिहर्सल

Mississippi में हॉर्न आइलैंड के पास Cessna विमान क्रैश, 2 बच्चों समेत 6 लोग लापता

Pahalgam और Srinagar में बढ़ी ठंड, Kashmir Valley में शून्य से नीचे पहुंचा Temperature