जयशंकर ने अमेरिका में भारतीय दूतों के सम्मेलन की अध्यक्षता की, द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 15, 2025

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका में भारत के महावाणिज्य दूतों के सम्मेलन में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और प्रवासी भारतीयों से संबंधी गतिविधियों को दिए जाने वाले समर्थन की समीक्षा की।

जयशंकर ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में आयोजित ‘‘महावाणिज्य दूत सम्मेलन’’ की अध्यक्षता की जिसमें अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा, वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में मिशन उप प्रमुख नामग्या खम्पा के साथ-साथ अटलांटा, बोस्टन, शिकागो, ह्यूस्टन, लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को और सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावासों के सभी दूतों ने हिस्सा लिया।

महावाणिज्य दूत विनय प्रधान के नेतृत्व में न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वाणिज्य दूतावास परिसर में जयशंकर का स्वागत करना ‘‘सम्मान’’ की बात थी।

वाणिज्य दूतावास ने कहा, ‘‘उनका नजरिया, मार्गदर्शन और नेतृत्व भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए काम करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।’’ जयशंकर ने एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की थी।

जयशंकर के साथ संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश, संयुक्त राष्ट्र में उप-स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के अधिकारी भी मौजूद थे।

जयशंकर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मिलकर अच्छा लगा। वर्तमान वैश्विक व्यवस्था और बहुपक्षवाद पर इसके प्रभावों के उनके आकलन की सराहना करता हूं। विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर उनके दृष्टिकोण की भी सराहना करता हूं।’’

जयशंकर ने कहा कि उन्होंने भारत के विकास और उन्नति के लिए गुतारेस के स्पष्ट एवं निरंतर समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जतायी कि वह जल्द ही भारत यात्रा पर आएंगे।

जयशंकर जी-7 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए कनाडा में थे जहां उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की और अन्य वैश्विक समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

प्रमुख खबरें

Bangladesh NCP Rally Blast | ढाका के पास बांग्लादेश NCP की रैली में जोरदार बम धमाका, शेख हसीना विरोधी कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़

या तो डील होगी या काम खत्म कर देंगे, शांति वार्ता के बीच Donald Trump ने ईरान को दी सबसे भयानक चेतावनी | Middle East Ceasefire

दुनिया की लाइफलाइन पर बारूदी हमला! होर्मुज़ में तेल टैंकर को बम से उड़ाया, धधकते समंदर के बीच ईरान पर गहराया शक

Love Horoscope For 7 July 2026 | आज का प्रेम राशिफल 7 जुलाई 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन