म्यांमा, थाइलैंड के विदेश मंत्रियों से मिले जयशंकर, भारत-म्यांमा-थाईलैंड राजमार्ग पर चर्चा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 16, 2023

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को म्यांमा के अपने समकक्ष थान स्वे के साथ बैठक की। इस दौरान, उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं खासतौर पर भारत-म्यांमा-थाइलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग का काम तेजी से पूरा करने पर चर्चा करने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने की जरूरत को रेखांकित किया। जयशंकर इंडोनेशिया की यात्रा के बाद शनिवार को थाईलैंड के आधिकारिक दौरे पर बैंकाक पहुंचे थे। उन्होंने थाईलैंड के उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री दोन प्रमुदविनाई से भी मुलाकात की। मेकोंग गंगा सहयोग (एमजीसी) तंत्र की बैठक से इतर म्यांमा के विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हमारी बातचीत संपर्क पहलों पर केंद्रित रही, जिसका वृहद क्षेत्रीय महत्व है।

इस परियोजना के निर्माण में देरी हुई है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2019 तक राजमार्ग पर परिचालन शुरू करने का था। थान स्वे के साथ बातचीत में जयशंकर ने सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने की जरूरत को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘हाल-फिलहाल में वहां काफी अशांति रही है और हालात बिगाड़ने वाली किसी भी स्थिति से बचना चाहिए।’’ विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘थान स्वे के साथ बातचीत में मानव तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी पर चिंता व्यक्त की। तस्करी के शिकार लोगों की जल्द वापसी के लिए संबंधित पक्षों से मजबूत सहयोग की अपील की।’’ जयशंकर ने कहा कि पड़ोसी होने के नाते भारत, म्यांमा में मानवीय स्थिति को लेकर चिंतित है। उन्होंने चुनौतियों से निपटने के लिए जनकेंद्रित पहल का प्रस्ताव रखा।

विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘म्यांमा में भारत लोकतांत्रिक परिवर्तन प्रक्रिया का समर्थन करता है और शांति एवं स्थायित्व की जरूरत को रेखांकित करता है। हम इस संबंध में आसियान के साथ अपनी नीति को लेकर करीबी समन्वय करेंगे।’’ जयशंकर ने बाद में थाइलैंड के विदेश मंत्री प्रमुदविनाई से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जकार्ता से अपनी वार्ता को आगे बढ़ाते हुए। आज थाइलैंड के उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री दोन प्रमुदविनाई से मुलाकात कर प्रसन्नता का अनुभव हुआ। मेकोंग गंगा सहयोग (एमजीसी) तंत्र की बैठक का इंतजार है।’’ बैंकाक में जयशंकर मेकोंग गंगा सहयोग तंत्र के विदेश मंत्रियों की12वीं बैठक में हिस्सा लेंगे और बिम्स्टेक देशों के विदेश मंत्रियों के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

प्रमुख खबरें

Guillermo Ochoa ने रचा फुटबॉल का नया कीर्तिमान, 6 World Cup खेलकर Ronaldo-Messi के क्लब में शामिल

Crude Oil में गिरावट का असर, Government का संकेत- अब सस्ता हो सकता है हवाई सफर

China की Geely और Renault का 3000 करोड़ी दांव, भारत में बनेंगे Next-Gen Hybrid इंजन

अब Vaibhav Sooryavanshi के छोटे भाई Aashirwad का तूफान, ठोके लगातार दो Century