जम्मू-कश्मीर के डीजीपी हेमंत लोहिया की निर्ममता से हत्या करने वाला यासिर अहमद गिरफ्तार

By नीरज कुमार दुबे | Oct 04, 2022

जम्मू-कश्मीर में हुई एक सनसनीखेज वारदात में पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत कुमार लोहिया की उनके निवास पर निर्ममता से हत्या कर दी गयी। बताया जा रहा है कि हत्यारे ने पहले पुलिस अधिकारी का गला रेता और फिर उनके शव को जलाने की कोशिश भी की। पुलिस को हत्या के मामले में हेमंत लोहिया के 23 वर्षीय घरेलू सहायक यासिर अहमद पर शक है जोकि रिपोर्टों के मुताबिक अपराध को अंजाम देने के बाद भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर छापेमारी शुरू की और यासिर का स्कैच भी जारी कर दिया। इसके चलते कुछ ही घंटों के भीतर यासिर अहमद को पकड़ लिया गया। यासिर अहमद रामबन जिले के हल्ला-धंडरथ गांव का निवासी बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। हम आपको बता दें कि हेमंत लोहिया को अगस्त महीने में ही केंद्रशासित प्रदेश के जेल महानिदेशक के रूप में पदोन्नत और नियुक्त किया गया था।

इस बीच एक आतंकवादी समूह ‘PAFF’ ने दावा किया कि उसके “विशेष दस्ते” ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पीएएफएफ ने एक ऑनलाइन बयान में कहा, “यह इस हिंदुत्व शासन और उसका समर्थन करने वालों को चेतावनी देने के लिए इस तरह के सनसनीखेज अभियान की शुरुआत है।'' बयान में कहा गया है कि हम कभी भी और कहीं भी सटीक हमला कर सकते हैं। यह सुरक्षा व्यवस्था के साथ दौरे पर आए उनके गृह मंत्री के लिए एक छोटा-सा तोहफा है।'' पीएएफएफ ने बयान में कहा है कि ईश्वर ने चाहा तो हम भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखेंगे।” वहीं एक और स्थानीय आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट ने हेमंत कुमार लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, एडीजीपी ने भी कहा है कि शुरुआती जांच में आतंकवाद का कोई पहलू सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा, “गहन जांच की जा रही है। घरेलू सहायक की मानसिक स्थिति को दर्शाने वाले कुछ दस्तावेजी सबूतों के अलावा अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है। उधर, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा है कि हेमंत कुमार लोहिया की हत्या की प्रारंभिक जांच में आतंकवाद का पहलू सामने नहीं आया है।

प्रमुख खबरें

Jayaprakash Narayan की जयंती पर Yogi Adityanath और Akhilesh Yadav ने किया नमन

Delhi में COJPA नेताओं को हिरासत में लेने पर बरसे DK Shivakumar, पूछा- लोकतंत्र है या आपातकाल

Supreme Court का निर्देश, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को अवैध रूप से हिरासत में न लें

Lockie Ferguson ने Vaibhav Suryavanshi की तारीफ की, भारतीय टी20 टीम में चयन पर जताई खुशी