By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2018
चंडीगढ़। सीबीआई की एक अदालत ने 2006 के जम्मू कश्मीर सेक्स स्कैंडल मामले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक पूर्व डीआईजी सहित पांच व्यक्तियों को आज 10 वर्ष की सजा सुनायी। सजा यहां विशेष सीबीआई न्यायाधीश गगनगीत कौर ने सुनायी। जिन व्यक्तियों को सजा सुनायी गई है उनमें बीएसएफ के पूर्व उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के. सी. पाधी, जम्मू कश्मीर के पूर्व उपाधीक्षक मोहम्मद अशरफ मीर और तीन अन्य ... मकसूद अहमद, शबीर अहमद लांगू और शबीर अहमद लावाय शामिल हैं।
इन पांच व्यक्तियों को रणबीर दंड संहिता की धारा 376 के तहत दोषी ठहराया गया। मुख्य आरोपी सबीना और उसके पति अब्दुल हामिद बुल्ला जो कथित रूप से एक वेश्यालय चलाते थे, उनकी सुनवायी के दौरान मृत्यु हो गई। जांच के दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस ने सेक्स स्कैंडल में कथित संलिप्तता के लिए 56 संदिग्धों की एक सूची तैयार की जिसमें कुछ हाईप्रोफाइल लोग भी शामिल थे। मामला 2006 में तब सीबीआई को सौंप दिया गया था जब इसमें कुछ मंत्रियों के भी नाम आये थे। उच्चतम न्यायालय ने उसी वर्ष बाद में मामले को चंडीगढ़ स्थानांतरित कर दिया था। जम्मू कश्मीर के तत्कालीन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 2009 में तब अपना इस्तीफा सौंप दिया था जब एक विपक्षी नेता ने उन्हें मामले से जोड़ा था। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल ने यद्यपि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था।