जापान पुलिस ने एक व्यक्ति का सिर काटने के मामले में महिला और उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 25, 2023

तोक्यो। जापान के उत्तरी शहर साप्पोरो में तीन सप्ताह पहले एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति की सिर कटी लाश मिली थी और इस मामले में एक महिला और उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। जापान पुलिस ने यह जानकारी दी। जापान के उत्तरी मुख्य द्वीप पर होक्काइडो पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने रूना तमुरा (29) और उसके मनोचिकित्सक पिता ओसामु तमुरा (59) को एक जुलाई से दो जुलाई की मध्य रात्रि में एक होटल के कमरे में पीड़ित का सिर काटने और उसके कटे हुए सिर को दूसरी जगह ले जाने की साजिश रचने के संदेह में एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। पीड़ित हितोशी उरा (62) का सिर तब से गायब है।

पुलिस ने मंगलवार को संदिग्धों के घर पर छापा मारा और मुख्य संदिग्ध की मां हिरोको तमुरा (60) जो कि अंशकालिक कामगार है को अपने परिवार के साथ सिर को घर पर ले जाके रखने की साजिश रचने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह नहीं बताया कि बेटी और पिता ने कैसे साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस अभी भी उनके इस कृत्य के मकसद की जांच कर रही है और उसने यह नहीं बताया कि महिला और पीड़ित एक-दूसरे को जानते थे या नहीं। पुलिस ने यह संज्ञान भी लिया कि सम्भावना है कि रूना एक मानसिक रोगी है। मीडिया रिपोर्टों में पड़ोसियों के हवाले से कहा गया है कि उसे स्कूल जाने में कठिनाई होती थी और वह बचपन से ही एकांतप्रिय थी।

इसे भी पढ़ें: Israeli army ने संवेदनशील वेस्ट बैंक में तीन कथित फलस्तीनी बंदूकधारियों को मार गिराया

क्योदो न्यूज़ और अन्य मीडिया ने बताया कि पीड़ित और एक अन्य व्यक्ति जिसे रूना तमुरा माना जाता है, दोनों सुसुकिनो क्षेत्र के एक होटल में गए। लगभग तीन घंटे बाद दोनों में से केवल एक को बड़ा सूटकेस लेकर जाते हुए देखा गया। अज्ञात सूत्रों के हवाले से क्योदो न्यूज ने बताया कि मारे गये व्यक्ति के साथ जो भी था, उसने होटल में प्रवेश करते समय हल्के रंग के महिलाओं जैसे परिधान और चौड़ी किनारी वाली टोपी पहनी हुई थी लेकिन बाहर निकलते समय उसने काले कपड़े पहने हुए थे। उरा का शव दो जुलाई को एक होटल कर्मचारी को मिला जो कमरे की जांच करने गया था क्योंकि दोपहर तक किसी ने चेकआउट नहीं किया था। समाचारों के अनुसार होटल स्टाफ ने पीड़ित को बाथटब में गिरा हुआ पाया। उसका कोई भी सामान कमरे में नहीं बचा था और बिस्तर भी ऐसा लग रहा था कि उसका किसी ने इस्तेमाल नहीं किया है।

प्रमुख खबरें

2029 Lok Sabha Election में भाजपा की सत्ता से होगी विदाई, कोच्चि में बोले Abhijit Deepke

अभिषेक बनर्जी के घर हमले पर भड़कीं ममता बनर्जी, BJP को दी खुली चुनौती

Delhi High Court का आदेश, रेखा गुप्ता का आपत्तिजनक AI वीडियो सोशल मीडिया से हटाएं

ठाणे में नवजात की तस्करी का भंडाफोड़, Home Guard जवान समेत 10 गिरफ्तार