Japanese delegation ने Agra स्थित Taj Mahal का भ्रमण किया, UP संग मजबूत होंगे संबंध

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

जापानी कंपनियों के करीब 240 मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और यामनाशी प्रांत के गवर्नर कोतारो नागासाकी सहित उच्चस्तरीय जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को आगरा में ताजमहल का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने करीब एक घंटे तक इस ऐतिहासिक स्मारक का भ्रमण किया और इसकी वास्तुकला तथा सुंदरता की सराहना की। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और भ्रमण के दौरान उसके साथ रहे।

उन्होंने उत्तर प्रदेश और जापान के यामनाशी प्रांत के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों के लिए आभार भी व्यक्त किया। सिंह ने कहा कि जापानी गवर्नर और प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश की सार्थक यात्रा पर हैं और उन्होंने ताजमहल की जमकर सराहना की। मंत्री ने कहा कि नागासाकी का मानना है कि उत्तर प्रदेश के पास उपजाऊ भूमि और मिलनसार लोग हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जापान और उत्तर प्रदेश के बीच संबंध आगे और मजबूत होंगे। सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत, उद्योग और अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापान और उत्तर प्रदेश के बीच सहयोग बढ़ाया जा सकता है। जापानी प्रौद्योगिकी और विशेषज्ञता राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

उन्होंने कहा कि जापानी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से जापान और उत्तर प्रदेश के बीच औद्योगिक तथा प्रौद्योगिकी संबंधों को और मजबूत करने की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल को उसके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मयूर नृत्य और ब्रज रासलीला तथा रसिया की प्रस्तुतियों के जरिए ब्रज की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी पेश की गई। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जापानी मेहमानों को काफी प्रभावित किया और उन्हें ताजमहल से इतर क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराया।

यामनाशी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष काजुहिको नाकामुरा ने प्रतिनिधिमंडल के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद सभी सदस्य सुचारू रूप से और समय पर यात्रा कर सके। यामनाशी के उप-गवर्नर जुनिची इशिदेरा ने भी पारंपरिक स्वागत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा की शुरुआत में ही मिले इस सांस्कृतिक अनुभव ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में क्षेत्र के बारे में और अधिक जानने की जिज्ञासा पैदा की।

प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में जारी रहेगी। शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक पर्यटन कार्यक्रम प्रस्तावित है जिसमें 50 से अधिक पर्यटन संचालकों, होटल कारोबारियों और उद्यमियों के साथ गोलमेज बैठक होगी। बैठक में बौद्ध पर्यटन, स्वास्थ्य एवं आरोग्य पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटकों के लिए नए अनुभव विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल वाराणसी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के उन अन्य स्थलों का दौरा करेगा, जो भारत और जापान के बीच सदियों पुराने बौद्ध एवं सांस्कृतिक संबंधों से जुड़े हैं। पर्यटन मंत्री सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य जापानी मेहमानों को उत्तर प्रदेश की विविध पर्यटन संभावनाओं की व्यापक जानकारी देना है जिससे अधिक जापानी पर्यटकों को राज्य की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करने में मदद मिल सकती है।

प्रमुख खबरें

Delhi में DDA विकसित करेगा 3D Digital Twin मॉडल, मास्टर प्लान 2047 का है हिस्सा

PM Narendra Modi ने नीतियां बनाने में विभागों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सहयोग का आह्वान किया

Delhi Police मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शूटर घायल हुए, रोहतक पुलिस भी रही शामिल

Shivpal Singh पर दूसरे डोपिंग मामले में NADA ने लगाया 10 साल का प्रतिबंध