जैसन होल्डर ने कहा, चौथे दिन टीम का प्रयास उनके कप्तानी कार्यकाल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 13, 2020

साउथम्पटन। वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दौरान चौथे दिन अपनी टीम की शानदार वापसी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में टीम का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वेस्टइंडीज ने केवल 30 रन के अंदर पांच विकेट लिये और चौथे दिन की समाप्ति तक उसका स्कोर आठ विकेट पर 284 रन कर दिया था। इस दिन के आखिरी क्षणों में तेज गेंदबाजों का प्रयास आखिर में निर्णायक साबित हुआ और रविवार को जर्मेन ब्लैकवुउ की 95 रन की पारी से टीम चार विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। होल्डर ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल (शनिवार) का प्रयास इस टीम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रयास था। इसमें केवल गेंदबाजों का ही योगदान नहीं रहा। क्षेत्ररक्षकों ने भी अहम भूमिका निभायी और हम सभी ने पूरे दिन खुद को ऊर्जावान बनाये रखा। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं अगर इसे अपने लिये सर्वश्रेष्ठ कह रहा हूं तो इसका कारण यह है कि जब भी मैंने अपने गेंदबाजों से पूरे दमखम के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिये कहा तो उन्होंने कभी नहीं कहा कि नहीं, मैं नहीं दे सकता हूं। मैं बहुत थका हुआ हूं। वे बस अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते रहे।’’ होल्डर ने कहा, ‘‘एक समय जब स्टोक्सी (बेन स्टोक्स) और जॉक (क्राउली) बल्लेबाजी कर रहे थे तो तब लग रहा था कि मैच हमारे हाथ से खिसक सकता है। हम जानते थे कि हम हार नहीं सकते। हमने खुद पर भरोसा रखा। हम मैच जीतना चाहते थे और हम जानते हैं कि यह जीत हमारे लिये कितना मायने रखती है।

प्रमुख खबरें

China Nepal Floods: सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ से 359 मौतें, 288 भारतीय लापता

Varalakshmi Vrat 2026: वरलक्ष्मी व्रत पर बरसेगी मां की असीम कृपा, जानें Importance और कलश स्थापना के नियम

Raksha Bandhan 2026: 28 अगस्त को भद्रा मुक्त शुभ मुहूर्त, जानें Rakhi बांधने का सटीक Time और Rituals

China ने Tibet Nepal Border पर जारी किया लेवल 4 अलर्ट, अवरोधक झील से बाढ़ का खतरा