जसप्रीत बुमराह दूसरे टेस्ट के लिए उपकप्तान नियुक्त, पेट में तकलीफ के कारण अय्यर बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 03, 2022

जोहानिसबर्ग। भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सोमवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिये उप कप्तान नियुक्त किया गया। चोटिल कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में लोकेश राहुल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के बयान के अनुसार पीठ के ऊपरी हिस्से में जकड़न के कारण नियमित कप्तान कोहली इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इसके अलावा मध्य क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी पेट में तकलीफ के कारण मैच से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘‘अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने जसप्रीत बुमराह को दूसरे टेस्ट के लिए उप कप्तान बनाया है। टीम इंडिया के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी पेट में तकलीफ के कारण दूसरे टेस्ट के लिए चयन की दौड़ से बाहर हो गए हैं।’’

इसे भी पढ़ें: South Africa vs India | विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे, के एल राहुल ने संभाली टीम की कमान

टेस्ट मैच के दौरान बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनका ध्यान रखेगी।’’ पिछले दो साल से अधिक समय से शतक जड़ने में नाकाम रहे कोहली केपटाउन में मौजूदा श्रृंखला के अंतिम टेस्ट में टेस्ट मैचों का शतक पूरा नहीं कर पाएंगे। तैंतीस साल के कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में खेलेंगे। राहुल उस श्रृंखला में टीम इंडिया की अगुआई करेंगे क्योंकि सीमित ओवरों के प्रारूप के नवनियुक्त कप्तान रोहित शर्मा चोटिल होने के कारण बाहर हो गए हैं। अगर सब कुछ सही रहता है तो कोहली भारतीय टीम के कार्यक्रम के अनुसार अब अपना 100वां टेस्ट बेंगलुरू में श्रीलंका के खिलाफ फरवरी में खेलेंगे। भारत ने पिछले हफ्ते श्रृंखला का पहला टेस्ट जीता था और अब टीम की नजरें दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट श्रृंखला जीतने पर टिकी हैं।

प्रमुख खबरें

Haryana के Karnal में पदयात्रा और जनसभा करेंगे Amit Shah

गोकुल दूध संघ में बहुमत बदलने के लिए BJP नियमों से कर रही खिलवाड़: Rahul Gandhi

Delhi Police ने जंतर-मंतर से हटाए बैरिकेड्स, प्रदर्शन स्थल सूची से हटने के बाद खुली सड़कें

राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत Joshua Wong को 10 साल की जेल, अदालत ने दी सजा