By अंकित सिंह | Jun 08, 2024
जेडीयू के सलाहकार और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के सी त्यागी ने कहा कि वही इंडिया ब्लॉक जिसने पार्टी सुप्रीमो और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना राष्ट्रीय संयोजक बनाने से इनकार कर दिया था, अब नीतीश को पीएम बनाने की पेशकश कर रहा है। त्यागी ने कहा कि उन्होंने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है और मजबूती से एनडीए के साथ हैं। त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार को इंडिया ब्लॉक से प्रधानमंत्री बनने का ऑफर मिला। उन्हें उन लोगों से प्रस्ताव मिला जिन्होंने उन्हें इंडिया ब्लॉक का संयोजक नहीं बनने दिया। उन्होंने इससे इनकार कर दिया है और हम मजबूती से एनडीए के साथ हैं।
जब त्यागी से पूछा गया कि किस नेता या नेताओं ने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद की पेशकश की, तो उन्होंने किसी का भी नाम लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ नेता इस ऑफर के लिए सीधे नीतीश कुमार से संपर्क करना चाहते थे। लेकिन उनके और हमारी पार्टी के नेताओं के साथ जो व्यवहार किया गया, उसके बाद हमने इंडिया ब्लॉक छोड़ दिया। हम एनडीए में शामिल हो गए हैं और अब पीछे मुड़कर देखने का सवाल ही नहीं है।