By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक सुरक्षाकर्मी के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कथित तौर पर धक्का देने की घटना पर जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद सदस्य एवं प्रवक्ता नीरज कुमार ने बृहस्पतिवार को नाराजगी जताई। यह घटना निशांत के वैशाली जिले के आधिकारिक दौरे के दौरान हुई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वैशाली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी निशांत को पीछे की ओर धकेलते हुए दिखाई देते हैं।
उस समय मुख्यमंत्री आगे चल रहे थे और सुरक्षाकर्मी उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे थे। पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस मुख्यालय से वीडियो का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो बेहद दुखद है।
पुलिस मुख्यालय को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई शुरू करनी चाहिए और पता लगाना चाहिए कि क्या यह जानबूझकर किया गया था।” नीरज ने कहा, “निशांत वैशाली के प्रभारी मंत्री हैं और प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री के साथ वहां गए थे। उनके साथ इस तरह का व्यवहार सभी के लिए चिंता का विषय है।” उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अपनी शालीनता, सादगी और लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं और कोई भी उनका अनादर नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, ‘‘निशांत कुमार और सम्राट चौधरी की जोड़ी शानदार है।
उनका अनादर करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।’’ उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच, मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले बिहार पुलिस के विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) ने इस घटना को मानवीय चूक बताया। एसएसजी ने एक बयान में कहा कि जांच में पता चला है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते समय उसके कर्मियों से मानवीय चूक के कारण यह घटना हुई।
एसएसजी ने यह भी कहा कि कुछ महीने पहले तक उसने करीब दो दशक तक निशांत कुमार को सुरक्षा मुहैया कराई थी। हालांकि, जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी इस घटना को तूल देने से बचने की कोशिश करते नजर आए। वह निशांत के पिता एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं।
चौधरी ने कहा, “सुरक्षाकर्मी ने शायद निशांत को देखा नहीं होगा। उसने जानबूझकर उन्हें धक्का नहीं दिया होगा। मेरा मानना है कि कोई भी सुरक्षाकर्मी जानबूझकर निशांत या किसी अन्य मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करेगा।” संवाददाताओं ने इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी प्रतिक्रिया मांगी।
तेजस्वी ने कहा, “किसने किसे धक्का दिया, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।” हालांकि, बाद में संवाददाताओं से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया, “जदयू के कुछ नेताओं ने नीतीश कुमार की कमजोर मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर भाजपा के साथ गठबंधन किया और मंत्री पद के रूप में व्यक्तिगत लाभ हासिल किए। नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।”