Sehore तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, दो लाख का कर्ज न चुकाने पर हुई थी तीन लोगों की हत्या

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और खुलासा किया कि उधार में लिए गए दो लाख रुपये चुकाने से बचने के लिए उन्होंने कुल्हाड़ी से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले के बुदनी तहसील स्थित वार्ड क्रमांक 12 में 16 नवंबर की रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।

मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), पत्नी राधा (40) और उनके बेटा अश्विन (24) के रूप में हुई थी। पुलिस ने एक बयान में बताया कि आरोपियों की पहचान बुदनी थाना अंतर्गत यारनगर गांव निवासी जगदीश भिलाला (40) और गांव खांडाबड़ निवासी अनिल भिलाला (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त किया है।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से लगभग दो लाख रुपये उधार लिए थे और उसे यह रकम ब्याज सहित लौटाना था। इसके अलावा यह भी तय हुआ था कि रकम लौटाने तक जगदीश अपनी फसल में से भी कुछ हिस्सा राकेश को देगा। पुलिस ने कहा, ‘‘इसलिए जगदीश ने अपने साथी अनिल को कुछ पैसों का लालच देकर राकेश के पूरे परिवार को मारने की योजना बनाई ताकि उसे उधार का पैसा नहीं देना पड़े।’’ बयान में पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर की रात करीब 11-12 बजे के बीच राकेश के घर जाकर उससे कुछ बात करने के लिए दरवाजा खुलवाया और अपने साथ ले जाई गई कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के मोबाइल को शौचालय में डाल कर पानी डाल दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद घटनास्थल से फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, श्वान दस्ता द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए गए। विशेष टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित जांच करते हुए दोनों आरोपियो को गिरफ्तार किया गया।

प्रमुख खबरें

वैशाली में Nishant Kumar को सुरक्षाकर्मी के धक्का देने पर भड़के JDU नेता Neeraj Kumar

Odisha Assembly में बाढ़ और सीमा विवाद पर हंगामा, केवल 14 मिनट चली कार्यवाही

Sandpapergate विवाद फिर भड़का, Pat Cummins की भूमिका पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने मांगा जवाब

Padmaja Venugopal ने छोड़ी BJP, पार्टी में शामिल होने को बताया जल्दबाजी में लिया गया गलत फैसला