बोर्ड चाहे तो फिर संभाल सकता हूं जिम्मेदारी: Jensen Huang ने Nvidia में वापसी की इच्छा जताई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद से इस्तीफा देने के कुछ दिन बाद जेनसन हुआंग ने अपने निजी जीवन में ‘‘गंभीर गलतियां’’ करने की बात स्वीकार करते हुए मंगलवार को कहा कि अगर कंपनी का निदेशक मंडल इसे कंपनी के हित में मानता है, तो उन्हें दोबारा यह पद संभालने में खुशी होगी। हुआंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अगर निदेशक मंडल यह फैसला करता है कि मेरी वापसी हमारे शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो मुझे इन आग्रहों को स्वीकार करने और सीईओ के तौर पर वापस लौटने में खुशी होगी।’’ हुआंग ने कहा कि उनके पद छोड़ने के बाद से एनवीडिया के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों ने उन्हें सीईओ के रूप में पद वापस संभालने के लिए कहा है तथा इनमें से कई लोग अब भी उनसे सीधे संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं एनवीडिया में सभी से अपेक्षित मानकों पर खरा नहीं उतर पाया और मैंने अपने निजी जीवन में गंभीर गलतियां की हैं।

मैंने निदेशक मंडल के लिए समस्याएं खड़ी कीं, जिसका मुझे गहरा अफसोस है।’’ हुआंग ने कहा कि वह अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और निदेशक मंडल की स्वतंत्र जांच में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस्तीफे के बाद हुआंग का यह पहला सार्वजनिक बयान है। अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने भी ‘एक्स’ पर हुआंग के बयान को साझा किया।

मस्क ने इससे पहले हुआंग को फिर से सीईओ बनाने की मांग करने वाले एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। मंगलवार देर शाम तक, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गजों और खुद को एनवीडिया का मौजूदा कर्मचारी बताने वाले 9,750 से अधिक लोगों सहित 1.93 लाख से ज्यादा लोगों ने एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। पत्र में चिप निर्माता कंपनी के निदेशक मंडल से जेनसन हुआंग को फिर से सीईओ नियुक्त करने की मांग की गई है।

एनवीडिया के बोर्ड ने 12 नवंबर को घोषणा की कि विवाहेतर संबंध के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल उठने के बाद हुआंग ने तत्काल प्रभाव से कंपनी के अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक मंडल के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है।

प्रमुख खबरें

Shivraj Singh Chouhan ने की पंजाब के किसानों की तारीफ, पराली प्रबंधन को बताया देश के लिए नजीर

सपा नेता Azam Khan को Supreme Court और High Court से बड़ी राहत

जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित

NDMC दिल्ली के तीन प्रमुख पार्कों में शुरू करेगी पांच प्रकृति कैफे, मिली मंजूरी