Noida Airport की पहली उड़ान: Yogi Adityanath के बुलावे पर Lucknow पहुंचे Jewar के किसान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 15, 2026

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के लिए जिन ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, वे सोमवार को उस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने, जब उन्होंने नवसंचालित हवाई अड्डे से पहली यात्री उड़ान में सवार होकर लखनऊ के लिए उड़ान भरी। गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र से आए ग्रामीणों के समूह में शामिल कई महिलाएं हाथों में बोर्डिंग पास लिए हवाई अड्डे पहुंचीं। यह ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे से संचालित पहली यात्री उड़ान थी। लखनऊ पहुंचने पर इन यात्रियों का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करना था।

निकटवर्ती गांव की निवासी हेरा राशिद ने इसे ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए कहा, ‘‘हम पहली उड़ान का अनुभव करेंगे। हमारे लिए यह यात्रा नि:शुल्क है और लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी होगी।’’ करीब 65 वर्षीय एक किसान ने बताया कि उन्होंने हवाई अड्डे के लिए अपनी 30 बीघा जमीन दी थी और क्षेत्र में हो रहे विकास से वह खुश हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उन्हें रोजगार देने का आश्वासन भी मिला था, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। एक अन्य महिला यात्री ने कहा कि पहली उड़ान का हिस्सा बनना क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए गर्व का विषय है। जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यात्री सेवाओं की शुरुआत केवल एक हवाई मार्ग का शुभारंभ नहीं है, बल्कि यह हवाई अड्डे की यात्रा में किसानों के योगदान का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन परिवारों ने राष्ट्रीय हित और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन समर्पित की थी, आज वही परिवार उसी धरती से आसमान की ओर उड़ान भर रहे हैं।’’ सिंह ने कहा कि जो हाथ कभी खेतों में हल चलाते थे, आज उन्हीं हाथों में बोर्डिंग पास हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज जब जेवर के किसान लखनऊ के लिए उड़ान में सवार हुए, तो यह केवल उनकी यात्रा नहीं थी, बल्कि भारत के विकास, किसानों के सम्मान और बदलते उत्तर प्रदेश का प्रतीकात्मक ऐतिहासिक सफर था।’’

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को यात्री उड़ान सेवाओं की शुरुआत हुई, जिससे क्षेत्र का संपर्क लखनऊ सहित अन्य गंतव्यों से स्थापित हुआ। इस हवाई अड्डे से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलने तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी। उन्होंने इसी वर्ष 28 मार्च को इसका उद्घाटन किया था।

प्रमुख खबरें

Commonwealth Games: लॉन बॉल्स में Navneet Singh और Dinesh Kumar ने दर्ज की चौथी जीत

Commonwealth Boxing: जादूमणि, अरुंधति और जैस्मीन समेत 6 भारतीय मुक्केबाज फाइनल में पहुंचे

Commonwealth Games में अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास

CJI Surya Kant ने Jaipur में कहा: ऑनलाइन मध्यस्थता पूरी तरह AI के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती