Jio Platforms की शेयर बाजार में बंपर शुरुआत, 23 प्रतिशत बढ़त के साथ बनी देश की दूसरी मूल्यवान कंपनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने बुधवार को बाजार में जोरदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 23 प्रतिशत चढ़ा और इसके साथ ही बाजार पूंजीकरण के लिहाज से यह देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। बीएसई और एनएसई पर शेयर ने 1,358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 21.36 प्रतिशत अधिक है।

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष पांच कंपनियों की सूची में जियो प्लेटफॉर्म्स भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.94 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है। जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के मुकाबले 22.19 गुना बोलियां मिली थीं।

सार्वजनिक निर्गम और बड़े (एंकर) निवेशकों को शेयर आवंटन को मिलाकर कुल मांग सात लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई थी। वहीं आवेदनों की संख्या करीब 1.39 करोड़ तक पहुंच गई थी। यह वैश्विक स्तर पर भी एक बड़ा आंकड़ा है।

आईपीओ पूरी तरह 27 करोड़ नए शेयर का निर्गम था। इसके लिए मूल्य दायरा 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर था। सार्वजनिक निर्गम से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 अक्टूबर को 212 बड़े (एंकर) निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे।

पिछले सप्ताह बुधवार को आईपीओ खुलने के पहले ही दिन जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के निर्गम को 100 मिनट के भीतर पूर्ण अभिदान मिल गया था। इसके साथ ही यह भारत में सबसे तेजी से अभिदान पाने वाला बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली जियो प्लेटफॉर्म्स ने 21 अक्टूबर को अपना आईपीओ पेश किया था।

यह निर्गम 23 अक्टूबर को बंद हुआ था।

प्रमुख खबरें

मर्सिडीज हिट-एंड-रन मामले में खामियों के चलते कोच्चि पुलिस कमिश्नर का तबादला कर दिया गया

Jio Platforms की लिस्टिंग मंजिल नहीं नई शुरुआत, Akash Ambani ने कर्मचारियों को लिखा पत्र

क्या अमेरिका से खत्म हो जाएगा AI का नामोनिशान? जानिए क्या है सुपर इंटेलिजेंस का पूरा सच!

Babar Azam की फॉर्म पर चिंता नहीं, Sri Lanka के खिलाफ Final से पहले बोले माइक स्मिथ