जोशी ने राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 28, 2023

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के नवनियुक्तअध्यक्ष सी पी जोशी ने सोमवार का यहां अपना कार्यभार संभाला और कार्यकर्ताओं को राज्य की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प द‍िलाया। जोशी ने कहा कि वह राज्य में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से काम करेंगे और भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को परास्त करेगी। दिल्ली से सड़क मार्ग से जयपुर पहुंचे जोशी ने सोमवार दोपहर बाद यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार संभाला।

राज्‍य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसका जिक्र करते जोशी ने कहा, ‘‘हम छह महीने तक न सोयेंगे न सोने देंगे। इस कांग्रेस सरकार की नींद हराम कर देंगे और 2023 (के विधानसभा चुनाव) में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, इसका संकल्प लेकर जाएं।’’

इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया और कहा कि ‘‘अब हमें इनके होर्डिंग गांव ढाणियों तक लगाने होंगे। इस संबंध में उन्होंने अयोध्या में राममंदिर निर्माण व जम्मू कश्‍मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त किये जाने का भी जिक्र किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जोशी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष पद पर आज पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मैं संकल्प लेता हूं कि राष्ट्रहित एवं संगठन सेवार्थ सदैव तत्पर रहूंगा। शीर्ष नेतृत्व का आभार एवं समस्त कार्यकर्ताओं के स्नेह का मैं जीवन पर्यंत ऋणी रहूंगा।’’

इससे पहले कोटपूतली में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा, ‘‘हम टीम राजस्थान के रूप में काम करेंगे। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और समर्थन के साथ (प्रदेश अध्यक्ष के रूप में) काम करूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम टीम राजस्थान बनेंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।’’ उन्‍होंने राज्‍य की कांग्रेस सरकार को ‘नक्‍कारा व निकम्‍मा’ करार दिया। वहीं जोशी का दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वह जयपुर में खोले के हनुमान जी मंदिर भी गए। जोशी के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। राज्य के अनेक हिस्‍सों से कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जुटे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व कैलाश चौधरी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Bigg Boss 20 में घमासान: किचन के काम और खाने को लेकर भिड़ीं Amrapali Dubey और Mahhi Vij, रोते हुए बाहर निकलीं माही

Sunni NATO पर भारी पड़ा Iran War, मक्का समझौते के बाद भी कैसे तेल मार्ग पर छाया संकट? शहबाज ने MBS को पकड़ाया झुनझुना

Pakistan Court ने KP सीएम सोहेल अफरीदी और 24 PTI सांसदों के पासपोर्ट ब्लॉक करने का दिया आदेश

UCC पर NDA में बंटी राय, Shiv Sena और TDP ने दिया साथ तो JD(U) और Chirag Paswan ने दिखाई सतर्कता