By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 06, 2020
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोमवार को अपील की कि वे पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर लॉकडाउन के दौरान कष्ट झेल रहे लोगों के प्रति सहानूभुति व्यक्त करने के लिए एक समय के भोजन का त्याग करें। नड्डा ने भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश जारी किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से इन निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की, ''सभी भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के स्थापना दिवस पर एक समय के भोजन का त्याग कर बंद के दौरान कष्ट झेल रहे लोगों के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त करें और पार्टी के देशव्यापी महाभियान ‘फीड द नीडी’ (जरूरतमंद को भोजन कराएं) के तहत खाद्य सामग्री के पैकेट का वितरण जरूरतमंद लोगों के बीच किया जाए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगले एक सप्ताह ऐसी सुदृढ़ व्यवस्था बनाई जाए जिसके अंतर्गत हमारे बूथ के हर व्यक्ति को हम घर पर निर्मित दो फेस मास्क दे सकें। फेस मास्क बनाने एवं वितरण के वीडियो #WearFaceCoverStaySafe के माध्यम से हमें सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक प्रचारित करने चाहिए ताकि लोग इसके उपयोग के प्रति जागरुक बनें।’’
पूर्ववर्ती जन संघ के नेताओं ने छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना की थी। आपातकाल के बाद 1977 में हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ मिलकर लड़ने के लिए जनता पार्टी में जनसंघ का विलय हो गया था।