By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा की करारी शिकस्त हुई है। दोबारा सत्ता में वापसी की बांट देखने वाली भाजपा 65 सीटों पर सिमट गई है। इन सबके बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनादेश को विनम्रता से स्वीकार किया है। इसको लेकर उन्होंने एक ट्वीट किया है। आपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं। नड्डा ने आगे लिखा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और सक्रिय रूप से रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उनकी आवाज बुलंद करेगी
अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा को इतने वर्षों तक उनकी सेवा करने का अवसर देने के लिए मैं कर्नाटक के लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कर्नाटक के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रयास करती रहेगी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए इस मायने में भी अहम है कि करीब चार दशक बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के किसी अध्यक्ष के गृह राज्य में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। पिछले साल चुनाव के जरिये कांग्रेस अध्यक्ष बने खरगे के लिए उनके गृह राज्य कर्नाटक में यह चुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था।