By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026
नयी दिल्ली, 28 जुलाई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को बताया कि आंध्र प्रदेश में पिछले एक महीने में कोविड-19 के दो मामले सामने आए हैं और कडप्पा जिले के नमूनों की जीनोम अनुक्रमण जांच में ओमिक्रॉन के आरएफ.5 स्वरूप की पुष्टि हुई है, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चिंता वाले स्वरूप के रूप में वर्गीकृत नहीं किया है। नड्डा ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार ने 24 जून से 26 जुलाई, 2026 के बीच कोविड-19 के 12 मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने कहा कि वाईएसआर कडप्पा जिले में कोविड-19 से तीन मौतें दर्ज की गईं।
नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य राज्य का विषय है और केंद्र सरकार कोविड-19 समेत महामारी फैलाने वाली संक्रामक बीमारियों से निपटने की तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि मौजूदा इन्फ्लुएंजा प्रसार को देखते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आईएलआई और एसएआरआई निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त जांच सुविधाएं और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) सुनिश्चित करने, अस्पतालों में बढ़ते मरीजों के प्रबंधन की योजना बनाने तथा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से चिकित्सकीय और प्रयोगशाला कर्मियों की क्षमता मजबूत करने की सलाह दी गई है।