By अंकित सिंह | Feb 14, 2024
राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा जारी है। इन सब के बीच भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। इस सूची में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी नाम है। जेपी नड्डा गुजरात से पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। गुजरात से जिन चार नाम का ऐलान किया गया है उनमें जेपी नड्डा के अलावा गोविंद भाई ढोलकिया, मयंक भाई नायक और डॉक्टर यशवंत सिंह सलाम सिंह परमार का नाम शामिल है। इसके अलावा महाराष्ट्र से भी पार्टी ने तीन राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।
महाराष्ट्र से हाल में ही भाजपा में शामिल हुए अशोक चव्हाण को टिकट दिया गया है। इसके अलावा मेधा कुलकर्णी और अजीत गोपछड़े का भी नाम शामिल है। अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रहे है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और एल मुरुगन को क्रमश: ओडिशा और मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। दोनों नेता अगर चुनाव जीत जाते हैं तो राज्यसभा में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। रेल मंत्री वैष्णव के राज्य के सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के समर्थन से चुने जाने की संभावना है, जैसा कि 2019 में पहले कार्यकाल के लिए पूर्व आईएएस अधिकारी के चुनाव के दौरान हुआ था।
मध्य प्रदेश से भाजपा ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री मुरुगन के अलावा राज्य से पांच रिक्त पदों के लिए तीन और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। पार्टी ने उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश में संख्या बल के लिहाज से भाजपा चार सीट जबकि कांग्रेस एक सीट जीत सकती है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत आठ फरवरी से हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी।