By अंकित सिंह | Jan 22, 2025
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जमीन पर आप स्वयंसेवकों को धमकाने और उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि अपने उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी और उनके सहयोगियों के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन क्षेत्र में घूम-घूम कर खुलेआम आप कार्यकर्ताओं को गालियां दे रहे हैं और शारीरिक रूप से डरा रहे हैं। इस संबंध में मैंने आपको कल एक पत्र भी लिखा था।
आतिशी ने कहा कि चुनाव अधिकारियों को चिट्ठी लिख कर इन गुंडों पर कार्यवाही की माँग की है। साथ ही कालकाजी विधान सभा क्षेत्र में पैरा-मिलिट्री फोर्स की तैनाती के लिए कहा है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पुलिस के संरक्षण और सहयोग से बीजेपी वाले सरे आम दिल्ली के लोगों से गुंडागर्दी कर रहे हैं और उन्हें धमकियाँ दे रहे हैं। ये सब कुछ अमित शाह जी के आदेश पर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी 2015 और 2020 में बुरी तरह से हारी थी। इस बार भी बीजेपी बुरी तरह से हार रही है। तो अब अमित शाह जी दिल्ली वालों के खिलाफ गुंडागर्दी करवा रहे हैं। मैं अमित शाह जी से कहना चाहता हू कि दिल्ली सभ्य और शालीन लोगों का शहर है। दिल्ली वाले ऐसी गुंडागर्दी पसंद नहीं करते। पुलिस को इस्तेमाल करके लोगों को धमकाना और उनके ख़िलाफ़ गुंडागर्दी करना बहुत ग़लत है। आपका काम दिल्ली की क़ानून व्यवस्था ठीक करना है। यदि आप ख़ुद ही गुंडागर्दी करवायेंगे, तो फिर दिल्ली को कौन सम्भालेगा? जब माँझी नाँव डुबोय तो उसे कौन बचाए…।