कमलनाथ और दिग्विजय की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को लूट प्रदेश बना दिया था: सिंधिया

By दिनेश शुक्ल | Apr 13, 2021

दमोह। कांग्रेस के नेता इस उपचुनाव में सौदेबाजी की बात करके जनता को भ्रमित कर रहे हैं। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को लूट प्रदेश बना दिया था। प्रदेश में अगर सबसे बड़ा कोई सौदेबाज है, तो वह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की जोड़ी है। 15 महीने जब प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता रही तो इन्होनें मध्य प्रदेश को तबाह कर उसे लूटने का काम किया था और आज वही जोड़ी दमोह की जनता के बीच झूठ बोलने का काम कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को दमोह के लक्ष्मण कुटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद पटेल, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, रामखेलावन पटेल, पार्टी प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी एवं जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने भी संबोधित किया।

सिंधिया ने कहा कि 15 महीने प्रदेश में जब कमलनाथ सरकार रही, तब प्रदेश के विकास को लॉकडाउन लग गया था। वल्लभ भवन में आम जनता का प्रवेश निषेध था और कारोबारियों की लाईन लगी रहती थी। कमलनाथ जी ने किसानों के फसल बीमा की राशि लॉक कर दी थी। 7 हजार करोड़ की उस फसल बीमा की राशि का लॉक तोड़कर भाजपा सरकार ने उसे किसानों तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि चाहे सड़कों की बात हो या इंफ्रास्ट्रक्चर, पाईपलाइन की बात हो, भारतीय जनता पार्टी ने विकास की इबारत लिखी है। दमोह, टीकमगढ़ से झांसी तक 1200 करोड़ की 250 किमी की पाईपलाइन का काम और 255 किमी की सड़क का निर्माण केन्द्रीय सड़क निधि के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में इतना फर्क है कि कांग्रेस सरकार में वादों की सूची लंबी थी और भाजपा सरकार में विकास कार्यों की सूची लंबी है।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में कोरोना रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से जिलों को 52 करोड़ रुपये जारी

डबल इंजन की सरकार के साथ विकास के लिए भाजपा को जितायें

सिंधिया ने कहा कि जिन योजनाओं को कमलनाथ जी ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था, शिवराज जी ने सरकार बनते ही उन्हें पुनः शुरू किया। भाजपा सरकार में किसानों को फसलों का दाम, युवाओं को काम, गरीबों का उत्थान एवं बुजुर्गों को सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने बुंदेलखंड के लिए केन-बेतवा परियोजना का जो सपना देखा था, वह साकार हुआ है। इस योजना से कुल 8 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। दमोह की 30 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। 518 करोड़ की सीतापुर परियोजना से यह क्षेत्र लहलहायेगा। इस क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य के लिए मेडिकल कॉलेज भी भाजपा ने दिया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मिलकर विकास का इतिहास लिख रहे हैं। दमोह उपचुनाव में भाजपा को जिताकर हम इस इतिहास के साक्षी बनें। डबल इंजन की सरकार के साथ हमें चलना है और विकास के लिए भाई राहुल सिंह को जिताना है।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा 36 हज़ार रेमडेसिविर के इंजेक्शन की आपूर्ति, ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी सुनिश्चित

 जनमत विचार के साथ खड़ा होता है, तब मिलती है विजय: पटेल

केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद प्रहलाद पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में हमारे 150 से अधिक कायकर्ता मारे गये हैं। उनके बूथ के पास गोलियां चली, लेकिन फिर भी हमारे कार्यकर्ताओं ने अपना बूथ नहीं छोड़ा। विचार के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले उन कार्यकर्ताओं के कारण बंगाल में परिवर्तन होना तय है, वहां भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जहां कोई आस भी नहीं दिखती थी, वहां भी पार्टी कार्यकर्ता झंडा लेकर आगे चलता था। किसी की मां को इसलिए मार दिया जाता है कि वह भाजपा कार्यकर्ता है और पार्टी का काम करता है। लेकिन जब जनमत पलटता है और विचार के साथ लोग खड़े होते हैं,  तब विजय मिलती है, विश्वास मिलता है और विकास भी मिलता है।

 

इसे भी पढ़ें: नवरात्र में देवी मंदिरों पर सन्नाटा, पीताम्‍बरा पीठ सहित सभी माता मंदिर बंद

समाज में जहर घोलने वालों को रोकना होगा

पटेल ने कहा कि इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी विकास और विचार के साथ मैदान में है। लेकिन कांग्रेस इस चुनाव में विकास और विचार की चर्चा नहीं करेगी। वह सिर्फ छल-कपट और प्रपंच करेगी। जातियों में जहर घोलने का काम होगा, लेकिन हमें इस चुनाव को विकास की कसौटी पर कसने की जरूरत है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास किया है और उस विकास का लाभ उसे मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राहुल सिंह लोधी नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि यह चुनाव तो भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है। उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अगर फैसला नहीं करते तो आज मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती और जनता की वही हालत होती जो 15 महीने के शासन में हुई थी। इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन चौधरी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाह, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार, विधायक प्रदीप पटेल,  पी एल तंतुवाय, पूर्व विधायक लखन पटेल, सोनाबाई अहिरवार, शिवचरण दद्दा, सुखनंदन पटेल एवं घासीराम पटेल मंचासीन थे।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला