कमलनाथ होंगे मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सिंधिया, दिग्विजय को समिति में जगह

By नीरज कुमार दुबे | Apr 26, 2018

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ मध्य प्रदेश में पार्टी की कमान संभालेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पछाड़ दिया है। कमलनाथ की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा किसी भी समय की जा सकती है। मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और वहां कांग्रेस मान कर चल रही है कि 15 वर्षों के भाजपा शासन के चलते जनता में नाराजगी है जिससे इस बार कांग्रेस के सत्ता में आने का मार्ग खुल सकता है। कांग्रेस की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी कार्यकारी अध्यक्ष होंगे।

 

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में वापसी करने के लिए कमलनाथ को पार्टी अध्यक्ष और ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचार समिति का अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाया जायेगा। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा को चुनाव घोषणापत्र समिति का प्रमुख बनाया जाना तय हो गया है। वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव जोकि ओबीसी समाज से ताल्लुक रखते हैं उनका कहाँ समायोजन किया जाये इस पर विचार चल रहा है।

 

कांग्रेस हालांकि किसी को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश नहीं करेंगी लेकिन पार्टी में परम्परा रही है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ही मुख्यमंत्री पद का दावेदार होता है। दिसंबर 2003 में हुए विधानसभा चुनावों के बाद से कांग्रेस राज्य की सत्ता से बाहर है और साथ ही पिछले तीन लोकसभा चुनावों में पार्टी का मध्य प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। पार्टी को हाल ही में मध्य प्रदेश में हुए लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में विजय मिली थी जिससे पार्टी की उम्मीदों को बल मिला है।

 

प्रमुख खबरें

बांग्लादेशी नेता हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी भारत में शरण में, ढाका पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ट्रंप–जेलेंस्की मुलाकात से शांति की उम्मीद, यूक्रेन युद्ध पर निर्णायक बातचीत की तैयारी

कोल इंडिया की आठ सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में उतारेगी सरकार, पारदर्शिता पर जोर

IPO की तैयारी में Zepto, 10 मिनट डिलीवरी का स्टार्टअप बड़े दांव के लिए तैयार, शेयर बाजार में खलबली!