Vishwakhabram: US President Election में कांटे की टक्कर के बीच Kamala Harris ने बना ली Donald Trump पर हल्की बढ़त

By नीरज कुमार दुबे | Oct 11, 2024

अमेरिका में अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। सर्वेक्षणों में कभी ट्रंप कुछ अंकों से आगे हो जाते हैं तो कभी कमला हैरिस बढ़त बना लेती हैं। अब जो नया सर्वेक्षण सामने आया है वह दर्शा रहा है कि कमला हैरिस को बढ़त हासिल है। हम आपको बता दें कि कमला हैरिस को खासकर मध्यम वर्ग और उपनगरों के निवासियों के बीच काफी समर्थन मिल रहा है। हालांकि ट्रंप और कमला के बीच अंतर ज्यादा नजर नहीं आ रहा है इसलिए देखना होगा कि आने वाले सप्ताहों में दोनों का चुनाव प्रचार कैसे आगे बढ़ता है।

इसे भी पढ़ें: हैरिस के भाषणों में भी जिक्र नहीं, दरकिनार किए जाने से निराश हुए बाइडेन

सर्वेक्षणों ने ट्रंप को आव्रजन और अपराध पर काबू पाने में अधिक भरोसेमंद उम्मीदवार के रूप में भी दिखाया है। हम आपको याद दिला दें कि ट्रंप ने अगस्त में अपने समर्थकों से कहा कि वह ऐसे उम्मीदवार हैं जो उपनगरों को सुरक्षित रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि अवैध रूप से सीमा पार आने वाले प्रवासियों को "उपनगरों से दूर" रखा जाए। इसके अलावा, ट्रंप ने महंगाई के लिए बाइडन प्रशासन को दोषी ठहराया है जिसने मध्यम वर्ग के अमेरिकियों को नुकसान पहुंचाया है।

दूसरी ओर, कमला हैरिस ने अपने भाषणों में मध्यम वर्ग का आकार बढ़ाने के वादे पर काफी ध्यान केंद्रित किया है। चुनावों में उन्हें लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए बेहतर उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। ताजा सर्वेक्षण के परिणाम दर्शाते हैं कि मध्यम आय वाले मतदाताओं के बीच कमला हैरिस का प्रभाव खासा देखा जा रहा है। हैरिस समर्थकों ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने से पहले उन्होंने उन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था, लेकिन जैसे-जैसे उन्हें कमला के बारे में अधिक पता चला, वे उनके और अधिक समर्थक हो गए।

हम आपको बता दें कि 4-7 अक्टूबर को किए गए छह सर्वेक्षणों में पंजीकृत मतदाताओं के बीच कमला हैरिस को डोनाल्ड ट्रंप पर 3 प्रतिशत अंक की मामूली बढ़त दिखाई गई। कमला हैरिस को कुल मिलाकर 46% और ट्रंप को 43% मत मिले। हालांकि चुनाव जीतने के लिए युद्ध के सात मैदानों- एरिजोना, मिशिगन, पेंसिल्वेनिया, उत्तरी कैरोलिना, नेवादा, विस्कॉन्सिन और जॉर्जिया में बढ़त हासिल करनी होगी। फिलहाल यहां दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है।

इसके अलावा एक बात और देखने को मिल रही है कि ट्रंप जहां अकेले ही अपना सारा चुनाव प्रचार कर रहे हैं वहीं कमला के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, उनकी पत्नी मिशेल ओबामा, पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन आदि भी जमकर प्रचार कर रहे हैं। इसके अलावा उद्योग, खेल, मनोरंजन जगत की जानीमानी हस्तियां भी कमला हैरिस के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। समाज के अधिकांश तबके का समर्थन साथ दिखने के बावजूद कमला को मात्र तीन प्रतिशत की बढ़त मिलना यह भी दर्शा रहा है कि आम मतदाताओं की नजर में ट्रंप का महत्व अब भी बना हुआ है इसीलिए माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम किसी रोचक खेल स्पर्धा जैसे होंगे। हम आपको याद दिला दें कि ट्रंप का पहला मुकाबला जब हिलेरी क्लिंटन के साथ हुआ था तब भी अंत तक रोमांच बना हुआ था। 

प्रमुख खबरें

India Bhutan China Tri-Junction पर भारत की नई रणनीति ने किया हैरान, Doklam तक पहुँचेगी रेल, चीन के छूटे पसीने

Avengers: Endgame का रिकॉर्ड तोड़कर Spider-Man ने उत्तरी अमेरिका में रची इतिहास

Jammu में Amarnath Yatra के लिए 964 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना

Top 10 Breaking News 4 August 2026 | Kanwar Yatra Clash | US Tariff Lawsuit | Iran US Conflict | Ramayana Trailer Backlash | आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें