By गौतम मोरारका | Jan 28, 2023
बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत का अंदाज सबसे अलग है। वह अपनी बेबाकी के लिए खासतौर पर जानी जाती हैं। अभी एक दिन पहले ही उन्होंने फिल्म पठान की सफलता पर खुशी जताई थी लेकिन जब सोशल मीडिया पर लोग उनके पीछे पड़ गये और पठान को लेकर बड़बोली बातें कहीं तो कंगना भड़क गयीं। कंगना ने ट्विटर पर एक यूजर के प्रश्न का उत्तर देते हुए लिखा है कि भारत का यही प्यार है, जो दुश्मनों की नफरत को पीछे छोड़ देता है लेकिन लोग कुछ ज्यादा ही आशावादी हो गए हैं। कंगना ने लिखा है कि ऐसे लोगों को मैं बताना चाहती हूं पठान सिर्फ एक फिल्म हो सकती है लेकिन गूंजेगा तो यहां सिर्फ जय श्रीराम। जय श्रीराम।'
कंगना रनौत ने इसके साथ ही फिल्म अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म पठान का नाम बदलकर इसे इंडियन पठान करने की सलाह भी दे डाली है। कंगना रनौत ने कहा है कि अफगानिस्तान में लोगों को पठान बोला जाता है इसलिए भारत में फिल्म पठान का नाम बदलकर इंडियन पठान कर देना चाहिए। कंगना ने तगड़ा कटाक्ष करते हुए यह भी कहा है कि जिस देश की 80% जनसंख्या हिंदू है, अगर वहां पठान नाम की फिल्म चल रही है, ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है।
अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपने ट्विट में उन लोगों को भी निशाने पर लिया जो पठान फिल्म की सफलता को हिंदू मुस्लिम मुद्दे से जोड़ कर देख रहे हैं। इस पर कंगना ने लिखा है, 'जो लोग पठान को नफरत पर प्यार की जीत बता रहे हैं, उन्हें मैं बताना चाहूंगी कि ये सिर्फ यहां के लोगों का प्यार ही है जो पठान फिल्म इतना अच्छा व्यवसाय कर रही है। हम आपको यह भी बता दें कि अभी एक दिन पहले ही कंगना ने अपनी फिल्म इमरजेंसी की शूटिंग खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत में पठान को मिली सफलता पर खुशी जताई थी।
-गौतम मोरारका