By रेनू तिवारी | Feb 17, 2022
मुंबई। 'किस किसको प्यार करूं' और 'फिरंगी' जैसी अपनी फिल्मों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के बाद, कपिल शर्मा लेखक-निर्देशक-निर्माता नंदिता दास की फिल्म के साथ सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कपिल को पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में दिखाया जाएगा, क्योंकि वह एक फूड डिलीवरी राइडर के रूप में कदम रखते हैं। कपिल के साथ शाहाना गोस्वामी भी होंगी, जो फिल्म में उनकी पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और नंदिता दास इनिशिएटिव्स द्वारा किया जा रहा है।
दास ने कहा कि शर्मा को देखकर दर्शक चौंक जाएंगे और गोस्वामी के साथ वह “फिराक” फिल्म के बाद काम कर रही हैं। शर्मा ने कहा कि वह दास के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हूं, इसलिए नहीं कि मैं कोई फिल्म कर रहा हूं बल्कि इसलिए क्योंकि मैं नंदिता दास की फिल्म कर रहा हूं जिन्हें मैंने एक अभिनेत्री और निर्देशक दोनों के रूप में देखा है। वह चीजों को एक अलग अंदाज और गहराई से देखती हैं। इसलिए अभिनेता के तौर पर मेरा काम है कि मैं वह करूं जो वह मुझसे कहती हैं।” फिल्म की शूटिंग इस महीने शुरू होने की उम्मीद है।