By अंकित सिंह | Apr 12, 2025
करणी सेना ने आगरा में राणा सांगा की जयंती के अवसर पर 'रक्त स्वाभिमान सम्मेलन' आयोजित किया। राणा सांगा, जिन्हें संग्राम सिंह प्रथम के नाम से भी जाना जाता है, 1508 से 1528 तक मेवाड़ के शासक थे और अपनी बहादुरी और बलिदान के लिए जाने जाते हैं। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सपा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान से सभी राष्ट्रवादियों और देशभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। जो कौम अपने पूर्वजों का सम्मान नहीं करती वो तरक्की नहीं करती।
सूत्रों के अनुसार, करीब 80,000 की संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता शनिवार को राणा सांगा की जयंती मनाने आगरा पहुंचे थे। तलवारें और लाठियां लहराते हुए कार्यकर्ता ताज नगरी में न केवल यूपी बल्कि हरियाणा, राजस्थान और गुजरात से भी पहुंचे। अपने सम्मेलन को 'रक्त स्वाभिमान सम्मेलन' नाम देते हुए करणी सेना के कार्यकर्ता आगरा के राम गढ़ी में 50 बीघा के विशाल मैदान में एकत्र हुए। बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सांसद के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।